सेंधवा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मोबाइल चोरी का 24 घंटे में खुलासा
साइबर तकनीक और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस को मिली सफलता

सेंधवा पुलिस ने मोबाइल चोरी के मामले का 24 घंटे में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई की गई। आरोपी से चोरी किया गया मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है।
सेंधवा शहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोबाइल चोरी के एक मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई को पुलिस की सक्रियता और तकनीकी दक्षता का परिणाम माना जा रहा है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बबर तथा एसडीओपी सेंधवा के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।
जानकारी के अनुसार, 23 मार्च 2026 को एक फरियादी ने थाना सेंधवा शहर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति ने उनका कीमती मोबाइल फोन चोरी कर लिया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल एक विशेष टीम गठित की और जांच शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, साइबर सेल की मदद और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान की। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
पकड़ा गया आरोपी रितेश पिता खंडू वनजारे, उम्र 22 वर्ष, निवासी शास्त्री कॉलोनी सेंधवा है। आरोपी के कब्जे से करीब 14 हजार रुपए मूल्य का चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी क्षेत्र का शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ पहले भी थाना सेंधवा शहर में मारपीट और विवाद से जुड़े मामले दर्ज हैं।
इस सफलता के बाद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।



