सेंधवा। राम नवमी पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 87 अपराधियों को किया बाउंड ओवर, जुलूस मार्ग का पैदल निरीक्षण, ड्रोन और CCTV से रखी जा रही निगरानी
पुलिस प्रशासन ने शोभा यात्रा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां कीं, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी

रमन बोरखड़े। सेंधवा। सेंधवा में राम नवमी को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जुलूस मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 87 अपराधियों को बाउंड ओवर किया गया है, जबकि ड्रोन, CCTV और साइबर टीम के माध्यम से निगरानी बढ़ाई गई है।
जुलूस मार्ग का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़
राम नवमी के अवसर पर सेंधवा शहर में निकलने वाली शोभा यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एसडीओपी सेंधवा एवं थाना प्रभारी द्वारा समस्त थाना प्रभारियों और पुलिस बल के साथ जुलूस मार्ग का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया। इस दौरान मार्ग की संकीर्ण गलियों, संवेदनशील स्थानों और प्रमुख चौराहों का विशेष रूप से जायजा लिया गया। साथ ही शहर में लगे CCTV कैमरों की स्थिति की जांच कर कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया गया, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।

ड्रोन निगरानी व अपराधियों पर सख्त कार्रवाई
सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए जुलूस मार्ग पर ड्रोन कैमरे से निगरानी की जा रही है, वहीं शहर में लगे सैकड़ों CCTV कैमरों के जरिए भी हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। साइबर टीम और खुफिया तंत्र द्वारा सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों पर सतत निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके। पुलिस ने आदतन और सांप्रदायिक अपराधों में संलिप्त 87 आरोपियों को चिन्हित कर उन्हें बाउंड ओवर कर प्रतिबंधित किया है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहार को शांति और भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें



