सेंधवा। बिजली आपूर्ति की कमी के बीच किसानों को सोलर ऊर्जा सेट का वितरण

जनोदय पंच। सेंधवा। विधानसभा क्षेत्र के ग्राम घट्टिया पट्टियां में गुरूवार को किसानों को बिजली आपूर्ति की कमी से राहत दिलाने के उद्देश्य से सोलर ऊर्जा सेट का वितरण किया गया।
इस दौरान सेंधवा विधायक श्री मोंटू सोलंकी जी द्वारा ग्राम धनोरी के कृषक श्री छगन पिता लहजिया एवं श्री राजाराम पिता अनसिंग सहित कुल 20 किसानों को सोलर पैनल एवं सोलर ऊर्जा सेट वितरित किए गए।
कार्यक्रम में किसानों की प्रमुख समस्या, पर्याप्त बिजली उपलब्ध न होना आदि को लेकर भी चर्चा हुई। किसानों ने बताया कि समय पर बिजली नहीं मिलने के कारण सिंचाई कार्य प्रभावित होता है, जिससे फसलों को नुकसान उठाना पड़ता है।
इस अवसर पर विधायक श्री सोलंकी ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में सोलर ऊर्जा किसानों के लिए एक व्यवहारिक विकल्प बनकर उभर रही है। सोलर पैनल के माध्यम से किसान बिना बिजली पर निर्भर हुए अपने खेतों में सिंचाई कर सकेंगे, जिससे उनकी खेती प्रभावित नहीं होगी।

उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की समस्या का स्थायी समाधान होना आवश्यक है, लेकिन तब तक सोलर ऊर्जा जैसे विकल्प किसानों को राहत देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहें।





