सेंधवा

लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत प्रबुद्ध जन गोष्ठी आयोजित

देवझिरी में राष्ट्रीय चिंतन के साथ देश की वर्तमान परिस्थितियों पर हुआ विचार-विमर्श, बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन एवं भाजपा कार्यकर्ता हुए शामिल

सेंधवा । लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के अंतर्गत सोमवार को देवझिरी स्थित नार्मदीय ब्राह्मण धर्मशाला में प्रबुद्ध जन गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में देश की वर्तमान राजनीतिक एवं सामाजिक परिस्थितियों, लोकतांत्रिक मूल्यों, विपक्ष की भूमिका तथा देश में बनाए जा रहे राजनीतिक माहौल को लेकर राष्ट्रीय चिंतन किया गया। कार्यक्रम में अभियान के जिला संयोजक रविंद्र कुलकर्णी एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता लोकेश शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे।

उक्त जानकारी देते हुए भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने बताया कि विपक्ष द्वारा देश में जिस प्रकार का माहौल तैयार कर भ्रम एवं अराजकता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है, उसके प्रति आमजन और विशेषकर युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से भाजपा द्वारा देशभर में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सोमवार दोपहर 12 बजे देवझिरी में प्रबुद्ध जन गोष्ठी आयोजित कर विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श एवं राष्ट्रीय चिंतन किया गया।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला संयोजक रविंद्र कुलकर्णी ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध और असहमति का अधिकार सभी को है, लेकिन राजनीतिक कार्यक्रमों एवं आंदोलनों के माध्यम से देश की सामाजिक एकता और जनभावनाओं की अनदेखी करना उचित नहीं है। उन्होंने कांग्रेस द्वारा दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को आयोजित किए गए आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि यह तारीख वर्ष 1984 के सिख नरसंहार की बरसी थी। इस तारीख को बदलने की मांग अनेक लोगों द्वारा की गई थी, लेकिन कांग्रेस ने इन मांगों और भावनाओं को नजरअंदाज करते हुए अपना कार्यक्रम आयोजित किया। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट होता है कि कांग्रेस को आम लोगों की भावनाओं और संवेदनाओं की कितनी चिंता है। उन्होंने प्रबुद्धजनों से आह्वान किया कि वे समाज के बीच जाकर तथ्यों के साथ अपनी बात रखें और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति लोगों को जागरूक करें।

भाजपा के वरिष्ठ नेता लोकेश शुक्ला ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए लोकतंत्र की मजबूती, राष्ट्रहित एवं सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषयों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए समाज के जागरूक एवं प्रबुद्ध वर्ग की भूमिका महत्वपूर्ण है। वर्तमान परिस्थितियों में आवश्यक है कि लोग किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक प्रचार से प्रभावित होने के बजाय तथ्यों को समझें तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपनी जिम्मेदारी निभाएं। कार्यक्रम का स्वागत भाषण भाजपा जिला उपाध्यक्ष गणेश राठौड़ ने दिया। उन्होंने उपस्थित अतिथियों एवं प्रबुद्धजनों का स्वागत करते हुए अभियान के उद्देश्य और इसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर मंच पर नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव, जनपद पंचायत अध्यक्ष लता पटेल, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष एस. वीरा स्वामी, विवेक छाबड़ा, छोटू चौधरी, मेघा एकड़ी, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष राहुल पवार एवं हुकुम पवार, कृष्णकुमार जमरे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने किया। गोष्ठी में बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, समाज के गणमान्य नागरिक तथा भाजपा के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!