दिल्ली में आईआरएस अधिकारी की बेटी की हत्या मामले में आरोपी राहुल मीणा के खुलासों से जांच में नए तथ्य सामने आए
मोबाइल बरामद, सीन रीक्रिएशन जारी, राजस्थान में भी पुलिस टीमें सक्रिय, आरोपी के व्यवहार और गतिविधियों की जांच

आईआरएस अधिकारी की बेटी की हत्या के मामले में आरोपी राहुल मीणा के खुलासों से जांच में नए पहलू सामने आए हैं। पुलिस ने मोबाइल फोन और अन्य सबूत बरामद कर जांच तेज कर दी है।
आईआरएस अधिकारी की बेटी से दुष्कर्म और हत्या के मामले में आरोपी राहुल मीणा ने पूछताछ के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आरोपी ने बताया कि वह यौन एडिक्ट है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार उसने खुद जानकारी दी कि वह ऑनलाइन गेम में जीती हुई रकम काल गर्ल्स पर खर्च करता था और उसे मोबाइल पर अश्लील वीडियो देखने की भी लत थी। आरोपी के इन खुलासों से पुलिस अधिकारी भी हैरान हैं।
सबूतों की बरामदगी
पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। वारदात के बाद आरोपी फोन को अपने साथ ले गया था और झाड़ियों में फेंक दिया था। बाद में किसी व्यक्ति ने फोन उठाकर अपने पास रख लिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया। आरोपी के खून से सने कपड़े भी पुलिस के हाथ लगे हैं, जो जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य माने जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों की जानकारी
दक्षिणी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय कुमार ने बताया कि आरोपी राहुल मीणा ने मृतका का मोबाइल फोन फेंक दिया था। किसी व्यक्ति ने इस फोन को उठा लिया था और अपने साथ ले गया था। पुलिस ने उस व्यक्ति से मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस आरोपी को उन जगहों पर ले जाकर पहचान करा रही है जहां वह गया था या रहा था। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त डाण् हेमंत तिवारी ने बताया कि वह शुक्रवार को मृतका के माता-पिता से मिले।
जांच की दिशा
मीणा ने अपना खुद का फोन जिसे बेचा है, उस शख्स से उस फोन की बरामदगी के लिए भी टीमें राजस्थान में काम कर रही हैं। राहुल मीणा का फोन उसकी सेक्सहोलिक लत का पूरा खुलासा करेगा, जो जांच में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस की एक टीम के अनुसार आरोपी अपने पैतृक गांव में आक्रामक व्यवहार के लिए कुख्यात है।
घटनास्थल पर जांच
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि टीम ने घटनास्थल का फिर दौरा किया। इस दौरान दक्षिण-पूर्व जिले के पुलिस उपायुक्त डाण् हेमंत तिवारी भी मौके पर पहुंचे। जहां सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध नहीं हैं, वहां सीन रीक्रिएट किया जा रहा है। टीम आरोपी को साथ ले जाने पर भी विचार कर रही है।
सूत्रों के अनुसार आरोपी की मानसिक स्थिति में साइकोपैथिक प्रवृत्तियां भी सामने आई हैं। इसके अलावा दिल्ली की घटना से कुछ घंटे पहले राजस्थान के अलवर में भी उसके खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज किया गया था।



