विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम और अफवाहों का तथ्यों के साथ जवाब देकर जनता को जागरूक करेंगे : गजेन्द्रसिंह पटेल
लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ अभियान को लेकर भाजपा की जिला स्तरीय वर्चुअल बैठक आयोजित

सेंधवा । लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ कार्यक्रम को लेकर भाजपा की जिला स्तरीय वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में देश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, विपक्ष द्वारा विभिन्न मुद्दों पर फैलाए जा रहे कथित भ्रम और अफवाहों तथा युवाओं को गुमराह करने के प्रयासों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उक्त जानकारी भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने दी।
अग्रवाल ने बताया कि बैठक में तय किया गया कि इन मुद्दों पर जनता के बीच पहुंचकर वास्तविक तथ्यों और सही जानकारी से लोगों को अवगत कराया जाएगा। इसके लिए जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने के साथ प्रेस वार्ता और रैली निकालने की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं खरगोन-बड़वानी सांसद गजेन्द्रसिंह पटेल ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में जनता के सामने सही तथ्यों को रखना आवश्यक है। विपक्ष द्वारा विभिन्न विषयों को लेकर जो भ्रम और अफवाहें फैलाई जा रही हैं, उनका तथ्यों के आधार पर जवाब दिया जाना चाहिए। विशेष रूप से एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर लोगों के बीच सही जानकारी पहुंचाना जरूरी है, ताकि जनता किसी भी प्रकार के भ्रम में न रहे । जो लोग मृत हो गए जिनके मतदाता सूची में डबल नाम जुड़े है जो लोग वतन के निवासी नहीं है उनके नाम हटाना चाहिए । वो काम किया है । जबकि विपक्ष इसका मुद्दा बना रही है।
जिला प्रभारी बाबूलाल यादव ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे जनता के बीच पहुंचें, लोगों की शंकाओं का समाधान करें और देश में चल रही गतिविधियों के संबंध में वास्तविक जानकारी साझा करें। युवाओं को गुमराह करने के प्रयासों का भी तथ्यों के साथ जवाब दिया जाना चाहिए। इसके लिए कार्यकर्ताओं को सक्रियता के साथ जनसंपर्क करना होगा और लोकतांत्रिक तरीके से जनता के सामने अपनी बात रखनी होगी। जिलाध्यक्ष अजय यादव ने कहा प्रेस वार्ता और रैली के माध्यम से जनता तक पहुंचेंगे कार्यकर्ता
बैठक में अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया गया। इसके अंतर्गत प्रेस वार्ता के माध्यम से प्रमुख मुद्दों पर पार्टी का पक्ष जनता के सामने रखने तथा रैली निकालकर व्यापक स्तर पर जनजागरण करने की योजना पर चर्चा हुई। साथ ही मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने और अभियान के संदेश को आमजन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने अभियान को संगठनात्मक स्तर पर प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा केंद्रित मुद्दों पर जनता को तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर चर्चा की।
जिले के पदाधिकारी हुए शामिल
जिला स्तरीय वर्चुअल बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव गजेन्द्रसिंह पटेल, जिला प्रभारी बाबूलाल यादव, जिलाध्यक्ष अजय यादव, जिला महामंत्री भागीरथ कुशवाह, जिला महामंत्री विकास आर्य सहित जिले के सभी मंडल अध्यक्ष एवं विभिन्न पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में अभियान की रूपरेखा, जनसंपर्क गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विचार-विमर्श कर जिम्मेदारी तय कि गई ।



