उज्जैन, देवास, रतलाममुख्य खबरे

देवास में चलती बस में लगी भीषण आग, 500 मीटर तक दौड़ी, 40 यात्रियों की जान जोखिम में पड़ी

नेवरी फाटा टोल के पास हादसा, यात्रियों में मची अफरा-तफरी, कई घायल

जनोदय पंच. देवास में नेवरी फाटा टोल के पास मंगलवार को एक यात्री बस में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रयागराज से सूरत जा रही बस करीब 500 मीटर तक चलती रही, जिससे अंदर सवार यात्रियों की जान जोखिम में पड़ गई।

देवास में नेवरी फाटा टोल के पास मंगलवार को प्रयागराज से सूरत जा रही यात्री बस में अचानक आग लग गई। डीजल टैंक के पास से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते बस के पिछले हिस्से में आग फैल गई। उस समय बस में करीब 40 यात्री सवार थे, जिनमें कई सो रहे थे।

500 मीटर तक दौड़ती रही बस

आग लगने के बाद भी बस करीब आधा किलोमीटर तक चलती रही। यात्रियों के चिल्लाने के बाद चालक ने कुछ दूरी पर बस रोकी और वहां से फरार हो गया। इस दौरान बस धुएं और आग की लपटों से घिर गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

खिड़कियों से कूदकर बचाई जान

घबराए यात्रियों ने गेट और खिड़कियों से बाहर निकलने की कोशिश की। कई लोगों को बाहर निकलते समय चोटें आईं। कुछ यात्री खिड़की से कूदकर बाहर आए। करीब 5 से 10 मिनट में सभी यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन इस दौरान भगदड़ जैसे हालात बने रहे।

यात्रियों ने लगाए लापरवाही के आरोप

यात्री पुष्पेंद्र खरे ने बताया कि चालक नशे में था और डीजल टैंक में लीकेज की जानकारी देने के बावजूद ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि कई यात्री सो रहे थे, जिन्हें जगाकर बाहर निकाला गया और महिलाओं व परिवारों को सुरक्षित बाहर लाने में मदद की गई।

यात्री बदल अहीरवाल ने बताया कि भगदड़ में लोग एक-दूसरे पर चढ़ गए, जिससे कई लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि खिड़की का कांच टूटने के बाद कूदकर जान बचाई, जिससे उनके पैर में चोट आई।

आग पर पाया काबू

एसडीओपी दीपा मांडवे ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार डीजल टैंक में आग लगने के बाद यह पूरे वाहन में फैल गई। दमकल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, हालांकि बस और अधिकांश सामान जलकर खाक हो गया।


 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!