मुख्य खबरेखरगोन-बड़वानी

बड़वानी में कैरियर काउंसलिंग सेशन 2026 का सफल आयोजन, 150 से अधिक विद्यार्थियों को मिला मार्गदर्शन, पुलिस की अभिनव पहल चर्चा में

पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल की पहल से 16 थानों के विद्यार्थियों को मिला करियर मार्गदर्शन

रमन बोरखड़े। बड़वानी में पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में कैरियर काउंसलिंग सेशन 2026 आयोजित हुआ। 16 थानों से आए 150 से अधिक विद्यार्थियों को विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में धैर्य, समर्पण और सही करियर चयन पर विशेष जोर दिया गया।

दिनांक 29 अप्रैल 2026, बुधवार को न्यू पुलिस कंट्रोल रूम बड़वानी में पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में बड़वानी पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग को प्रभावी बनाने एवं विद्यार्थियों को सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से “कैरियर काउंसलिंग सेशन 2026” कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अभिनव पहल के अंतर्गत जिले के 16 थानों से 150 से अधिक छात्र-छात्राओं को आमंत्रित कर करियर मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम में प्रखर मोटिवेशनल स्पीकर प्रतीक श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मार्गदर्शन दिया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा, “लक्ष्य साधना है तो धैर्य अनिवार्य है” तथा “भीड़ का अनुसरण नहीं, तथ्यों के आधार पर करें करियर का चयन”। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और अर्जुन के प्रसंग के माध्यम से प्रेरणा का महत्व बताया और स्वामी विवेकानंद के शिकागो धर्म संसद 1893 के भाषण का उल्लेख करते हुए आत्मविश्वास और ज्ञान के महत्व पर प्रकाश डाला।

लक्ष्य प्राप्ति के लिए शिक्षकों का मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक

कोठारी इंस्टीट्यूट इंदौर की डॉ. मधुलिका शुक्ल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में लक्ष्य प्राप्ति के लिए शिक्षकों का मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सुंदर पिचाई का उदाहरण देते हुए समय के सदुपयोग पर जोर दिया। रोहित चतुर्वेदी और वीरेंद्र शर्मा ने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति सजग रहने की सलाह दी और NCERT पुस्तकों के बार-बार अध्ययन तथा लिखित अभ्यास को सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने UPSC एवं PSC जैसी परीक्षाओं में सफलता के लिए निरंतर अभ्यास और स्पष्ट लक्ष्य निर्धारण पर बल दिया तथा विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।

युवा देश का भविष्य हैं – पुलिस अधीक्षक

पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने अपने संदेश में कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें सही दिशा एवं सकारात्मक वातावरण देना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कैरियर काउंसलिंग जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को सही मार्ग चुनने के साथ अनुशासन और आत्मविश्वास भी सिखाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे धैर्य, निरंतर परिश्रम और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीओपी-डीएसपी महेश सुनैया, डीएसपी अजाक निलेश्वरी डावर, रक्षित निरीक्षक चेतन बघेल, सूबेदार रजनी भार्गव, अलका वास्केल, उषा सिसोदिया, थाना प्रभारी कोतवाली बलजीत सिंह बिसेन, महिला थाना प्रभारी सुनीता मुजाल्दा, निरीक्षक सुनीता मंडलोई, कोठारी इंस्टीट्यूट इंदौर की टीम, मीडियाकर्मी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन और आभार चेतन बघेल द्वारा किया गया।

 

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!