स्वस्थ और पोषित शरीर मानसिक विकार से मुक्त होता है- डॉ. प्रमोद पंडित

जनोदय पंच। बड़वानी। शासकीय आदर्श महाविद्यालय बड़वानी में मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क तथा आत्म सम्मान एवं आत्मविश्वास को लेकर कार्यक्रम आयोजित हुआ। यह कार्यक्रम माननीय सर्वाेच्च न्यायालय द्वारा दिए गए निर्देशों के परिपालन में उच्च शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन में बनाई गई मासिक योजना के अंतर्गत किया गया।
प्राचार्य डॉ. प्रमोद पंडित ने बताया कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन का निवास रहता है। यदि हमारा शरीर पोषित है तो मन के विकार तेजी से कम करते हैं। विद्यार्थियों में निर्मल चौहान, रुचिका तोमर, पूजा और अभिषेक सेन ने पोस्टर के माध्यम से आत्मविश्वास और आत्म सम्मान को रेखांकित किया। मानसिक स्वास्थ्य क्लब के प्रभारी डॉ. दिनेश पाटीदार ने विद्यार्थियों को बताया कि प्रतिमाह होने वाली विविध गतिविधियों का उद्देश्य छात्रों में मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत कर तनाव मुक्त करना।

परीक्षाओं में विशेषकर विद्यार्थियों को तनाव होता है इससे मुक्त होने के लिए एकाग्रता, ध्यान, प्राणायाम करते रहे और पोषण युक्त भोजन से शरीर को स्वस्थ रखें। मानसिक स्वास्थ्य में कार्य स्थल और कार्य प्रणाली का भी बड़ा योगदान होता है। हम अपने जीवन में प्रतिदिन जो गतिविधियां करते हैं उसका हमारे मन और मानसिक स्वास्थ्य पर प्रभाव देखा जा सकता है।

कार्यक्रम का संयोजन स्वामी विवेकानंद मार्गदर्शन प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित किया गया और आभार मानसिक स्वास्थ्य के सह प्रभारी डॉ.लखन कुमार के द्वारा व्यक्त किया गया।



