singroliमध्यप्रदेशमुख्य खबरे
सिंगरौली में निगाही सीएचपी क्षेत्र में आदिवासी युवक से मारपीट का वीडियो वायरल, सिक्योरिटी इंचार्ज पर केस दर्ज
नवानगर थाना में मामला दर्ज, पुलिस ने पीड़ित अन्ने लाल बैग की तलाश शुरू की, जांच जारी


सिंगरौली जिले की नॉर्दर्न कोलफील्ड लिमिटेड के निगाही कोल हैंडलिंग प्लांट क्षेत्र से एक आदिवासी युवक के साथ मारपीट का वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में सिक्योरिटी इंचार्ज हॉकी स्टिक से युवक अन्ने लाल बैग को पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं।
इस मामले में नवानगर थाना में सिक्योरिटी इंचार्ज के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी अनिल पटेल ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि पीड़ित ने पहले शिकायत की होती तो तत्काल कार्रवाई की जाती।
जानकारी के अनुसार यह वीडियो लगभग दो महीने पुराना बताया जा रहा है, जो हाल ही में सामने आया है। घटना निगाही सीएचपी क्षेत्र में हुई थी, जहां सुरक्षा कर्मियों और युवक के बीच विवाद के बाद मारपीट की स्थिति बनी।
बताया जा रहा है कि अन्ने लाल बैग कथित तौर पर शराब के नशे में अपनी पत्नी के साथ सीएचपी क्षेत्र से लोहे का सामान उठा रहा था। सुरक्षा कर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों द्वारा उसके साथ मारपीट की गई।
फिलहाल पुलिस ने पीड़ित युवक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की गहन जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और आदिवासी समुदाय में नाराजगी देखी जा रही है।