मुख्य खबरेभोपालमध्यप्रदेश
भोपाल-नर्मदापुरम सहित कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, तेज हवाओं से तापमान में गिरावट दर्ज
तेज हवाओं, ओलावृष्टि और बारिश से कई जिलों में नुकसान, 6 मई तक मौसम ऐसा ही बने रहने की संभावना


मध्य प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी के साथ आंधी-बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार दो ट्रफ सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। ग्वालियर, जबलपुर, छिंदवाड़ा, शहडोल, श्योपुर, शिवपुरी, सिंगरौली, सतना, सीधी, सागर, सिवनी, भिंड, मुरैना, मऊगंज, मैहर, मंडला, अनूपपुर, अशोकनगर, दतिया, दमोह, रीवा, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, नरिसंहपुर, बालाघाट, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी सहित कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
शनिवार को भोपाल-नर्मदापुरम, सागर और ग्वालियर संभाग में आंधी के बाद बौछारें पड़ीं। 30 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं। कहीं ओले गिरे तो कहीं तेज बारिश हुई। मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार 6 मई तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम बना रहेगा। गुना में आंधी-बारिश के बीच एक व्यक्ति की मौत की खबर सामने आई है।
विदिशा, नर्मदापुरम और सीहोर में मंडियों और खरीदी केंद्रों पर उपज भीग गई। खरगोन में ओलावृष्टि हुई। रायसेन के छुछार गांव में हरशिव वेयरहाउस की टीन की छत उड़ गई, जहां सरकारी मूंग रखी थी। सीहोर के इछावर, बोरदी, झालकी और भाऊखेड़ी में भी फसलें भीगीं। बालाघाट में पेड़ गिरने से बाइक दब गई, जबकि श्यामपुर रोड जाखाखेड़ी में पेड़ सड़क पर गिरा।
ब्यावरा में आंधी से दुकानों के फ्लैक्स उड़ गए और पिपरिया में धूल भरी आंधी चली। मौसम केंद्र ने रविवार को 27 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। 40-50 किमी प्रति घंटा की झोंकेदार हवाओं की चेतावनी भी दी गई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।