मुख्य खबरेमध्यप्रदेशसेंधवा
मुंबई-आगरा हाईवे पर बड़ा हादसा टला, सेंधवा के पास चलती बस से उठा धुआं, यात्रियों को सुरक्षित निकाला
साली कला गांव के पास हुई घटना, एक्सीलेटर पाइप फटने से निकला धुआं, कोई जनहानि नहीं


मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे साली कला गांव के पास बर्मन ट्रेवल्स की बस सेंधवा से बड़वानी की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक बस से धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार दिया।
बस चालक के अनुसार, एक्सीलेटर पाइप फटने के कारण यह घटना हुई। टर्बो इंजन के एक्सीलेटर पाइप फटने के बाद ऑयल निकलने लगा, जिससे धुआं उठा। आग लगने जैसी कोई घटना नहीं घटी थी। यात्रियों को सुरक्षित उतारने के बाद बस की जांच की गई।
सूचना मिलते ही बालसमुद पुलिस और सेंधवा से फायर ब्रिगेड का वाहन मौके के लिए रवाना हो गया था। बालसमुद चौकी प्रभारी एएसआई संजय शर्मा ने बताया कि 32 सीटर बस में करीब 20 से अधिक सवारियां सवार थीं, जिन्हें बस स्टाफ की सूझबूझ से तुरंत बस से उतार लिया गया था। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद दूसरी बस के माध्यम से सभी यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया था। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।