इंदौर में खाली दौड़ रही मेट्रो का नया प्लान, अब कोच में होंगे जश्न और शूटिंग से कमाई की तैयारी
कम यात्रियों से बढ़ते खर्च के बीच मेट्रो प्रबंधन ने ‘Celebration on Wheels’ स्कीम लागू करने की तैयारी

जनोदय पंच। इंदौर मेट्रो में कम यात्रियों के कारण बढ़ते खर्च को देखते हुए ‘Celebration on Wheels’ योजना लाई गई है। इसके तहत कोच और स्टेशन को इवेंट, शूटिंग और पार्टियों के लिए किराए पर दिया जाएगा, जिससे आय बढ़ाने की कोशिश की जाएगी।
कम यात्रियों से बढ़ा दबाव
मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा संचालित इंदौर मेट्रो सेवाएं अपेक्षा के अनुसार यात्रियों को नहीं जुटा पा रही हैं। कई रूट्स पर कोच खाली या कम यात्रियों के साथ चल रहे हैं, जिससे ऑपरेशन लागत का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इस स्थिति में मेट्रो प्रबंधन ने नुकसान की भरपाई के लिए ‘Celebration on Wheels’ स्कीम तैयार की है।
इवेंट और शूटिंग के लिए खुलेगा कोच
इस योजना के तहत मेट्रो कोच और स्टेशन परिसर को इवेंट, बर्थडे पार्टी, किटी पार्टी, प्री-वेडिंग शूट, फिल्म और वेब सीरीज शूटिंग, एडवर्टाइजमेंट और फोटोशूट के लिए किराए पर दिया जाएगा। प्रबंध संचालक एस. कृष्ण चैतन्य ने बताया कि यह पहल शहर के बदलते लाइफस्टाइल को ध्यान में रखते हुए आय बढ़ाने और खर्च संतुलित करने के उद्देश्य से की जा रही है।
तय फीस और सख्त सुरक्षा नियम
मेट्रो प्रबंधन ने स्थिर कोच के लिए 5,000 रुपए प्रति घंटा और चलती मेट्रो के लिए 7,000 रुपए प्रति घंटा शुल्क तय किया है, साथ ही 20,000 रुपए सिक्योरिटी डिपॉजिट रहेगा। बुकिंग 15 दिन पहले “पहले आओ, पहले पाओ” आधार पर होगी। हर आयोजन से पहले जांच होगी और ज्वलनशील सामान, शराब व धूम्रपान पर प्रतिबंध रहेगा।



