भोपाल में MBBS छात्रा सुसाइड केस के तीन महीने बाद मकान मालिक ने भी की आत्महत्या
कोहेफिजा में MBBS छात्रा की मौत के बाद मानसिक तनाव में रहने की बात कहकर पत्नी ने पुलिस और परिजन पर लगाए आरोप।

जनोदय पंच। भोपाल के कोहेफिजा इलाके में MBBS छात्रा की आत्महत्या के तीन महीने बाद उसी मकान के मालिक विजय राठौर ने भी आत्महत्या कर ली। पत्नी करुणा राठौर ने छात्रा के परिजन और पुलिस पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।
छात्रा की मौत के बाद मकान मालिक ने उठाया आत्मघाती कदम
भोपाल के कोहेफिजा इलाके में गांधी मेडिकल कॉलेज की 19 वर्षीय MBBS छात्रा रोशनी की आत्महत्या के तीन महीने बाद उसी मकान के मालिक विजय राठौर ने शनिवार देर रात आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि छात्रा के परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों और लगातार मानसिक तनाव के चलते विजय राठौर डिप्रेशन में थे।
विजय राठौर की पत्नी करुणा राठौर ने आरोप लगाया कि छात्रा के परिजन उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रहे थे। साथ ही पुलिस भी बयान के नाम पर थाने बुलाकर घंटों बैठाकर रखती थी। करुणा राठौर के मुताबिक सुसाइड से पहले विजय राठौर कई बार रोशनी के परिवार और पुलिस द्वारा प्रताड़ित किए जाने की बात कह चुके थे।
छात्रा की मौत के बाद उठा था हत्या का शक
जानकारी के अनुसार रोशनी चार महीने पहले कोहेफिजा स्थित किराए के मकान में रहने आई थी। फरवरी में उसका शव बाथरूम में मिला था और पास में एसिड की बोतल पड़ी थी। घटना के बाद मेडिकल छात्रों और परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पूरी रात कोहेफिजा थाने में धरना दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एसआईटी का गठन किया था।
बाद में मोबाइल की फॉरेंसिक जांच में 17 फरवरी का सुसाइड नोट मिला। नोट में रोशनी ने लिखा था कि “सॉरी मम्मी-पापा, नीट निकालना आसान है, लेकिन MBBS की पढ़ाई करना उससे भी कठिन है।” पुलिस के मुताबिक यह नोट मौत से कुछ घंटे पहले रात 1 से 1:30 बजे के बीच खुद को वॉट्सएप किया गया था।
परिजन ने कार्रवाई की मांग उठाई
करुणा राठौर ने छात्रा के परिजन पर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि उनके पति बेकसूर थे, फिर भी उन्हें मानसिक यातनाएं दी गईं। कोहेफिजा थाना प्रभारी केजी शुक्ला ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। मृतक की बेटी फिलहाल बेंगलुरु में है। उसके आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।



