बड़वानी में पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल का नवाचार, थानों में लागू होगी क्यूआर कोड आधारित व्यवस्था, क्यूआर कोड सिस्टम से सूचना प्रबंधन और साइबर नियंत्रण होगा मजबूत
जिले के साइबर कर्मचारियों की बैठक में डिजिटल डाटा संधारण, साइबर अपराध नियंत्रण और त्वरित शिकायत निराकरण पर जोर

जनोदय पंच। बड़वानी पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने जिले के साइबर कर्मचारियों की बैठक लेकर थानों में क्यूआर कोड आधारित डिजिटल व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए। बैठक में साइबर अपराध नियंत्रण, ऑनलाइन धोखाधड़ी की रोकथाम और सूचना प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई।
क्यूआर कोड आधारित डिजिटल व्यवस्था पर जोर
बड़वानी में पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में पुलिस के आधुनिकीकरण, डाटा संधारण को सुदृढ़ बनाने तथा सूचना प्रबंधन को अधिक प्रभावी करने के उद्देश्य से जिले स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी थानों से साइबर कार्य से जुड़े कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक ने क्यूआर कोड आधारित डिजिटल व्यवस्था की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी देते हुए इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

साइबर अपराध नियंत्रण और त्वरित निराकरण पर चर्चा
बैठक में साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल फ्रॉड की रोकथाम तथा साइबर जागरूकता बढ़ाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। कर्मचारियों को साइबर संबंधी शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। इस व्यवस्था के तहत थानों की महत्वपूर्ण जानकारी एवं आवश्यक डाटा को क्यूआर कोड के माध्यम से डिजिटल रूप से संधारित किया जाएगा, जिससे आवश्यक जानकारी एक क्लिक पर उपलब्ध हो सकेगी।
सूचना प्रबंधन और कार्यकुशलता बढ़ाने की पहल
बैठक में क्यूआर कोड आधारित डिजिटल व्यवस्था का उपयोग, महत्वपूर्ण डाटा का डिजिटल प्रबंधन, सूचना की त्वरित उपलब्धता, साइबर अपराधों की रोकथाम, जनजागरूकता और कार्यकुशलता बढ़ाने जैसे विषयों पर विशेष चर्चा हुई। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने कहा कि यह पहल पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक तकनीक आधारित, व्यवस्थित और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। क्यूआर कोड आधारित डिजिटल व्यवस्था के निर्माण और प्रभावी क्रियान्वयन में प्रियांशु पाटीदार का विशेष योगदान रहा। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, साइबर एक्सपर्ट रितेश खत्री तथा अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।




