नागलवाड़ी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 17 भैंसों से भरा अवैध पशु परिवहन ट्रक जब्त, दो गिरफ्तार
महाराष्ट्र ले जाए जा रहे पशुओं के परिवहन में दस्तावेज नहीं मिले, ट्रक सहित 13.40 लाख रुपये का माल जब्त

जनोदय पंच। नागलवाड़ी पुलिस ने अवैध पशु परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 17 भैंसों से भरा एक ट्रक जब्त किया है। पानवा फाटा पर घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने ट्रक और पशुओं सहित लगभग 13.40 लाख रुपये का माल जब्त किया।
मुखबिर सूचना पर की गई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर के निर्देश पर जिले में अवैध पशु परिवहन और पशुओं के प्रति क्रूरता करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी नागलवाड़ी निरीक्षक रामकुमार पाटील ने एसडीओपी राजपुर अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की। मुखबिर से सूचना मिली कि एकोमेट कंपनी का ट्रक क्रमांक MH18BG6772 जुलवानिया की ओर से महाराष्ट्र की तरफ भैंसों को वध हेतु ले जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने पानवा फाटा पर घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
ट्रक में ठूंस-ठूंसकर भरी मिलीं 17 भैंसें
वाहन की तलाशी के दौरान ट्रक में रस्सियों से बांधकर क्रूरतापूर्वक 17 भैंसें भरी हुई पाई गईं। चालक से पशुओं के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में पशुओं को महाराष्ट्र राज्य में वध के लिए ले जाना बताया गया। पुलिस ने ट्रक क्रमांक MH18BG6772 और 17 भैंसों को जब्त कर लिया। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत लगभग 13 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है।
दो आरोपी गिरफ्तार, प्रकरण दर्ज
पुलिस ने इमरान पिता अब्दुल गौमु मंसुरी निवासी महू गुजरखेड़ा तथा इस्तियाक पिता कल्लू खाँ निवासी रिछा बैड़ी, महू को गिरफ्तार किया। आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 130/2026 के तहत धारा 11(घ) पशु क्रूरता अधिनियम तथा 6(क), 6(ख)(1) म.प्र. कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक रामकुमार पाटील, चौकी प्रभारी बालसमुद संजय शर्मा, चौकी प्रभारी औझर सउनि धनश्याम पाटील, प्र.आर. चालक 503 राजेश राठौड़, प्र.आर. 101 गुलाबसिंह मंडलोई, आरक्षक 542 अजय कलमे एवं आरक्षक 424 अरुण राठौड़ की सराहनीय भूमिका रही।




