पानसेमल में विधायक श्याम बरडे की अध्यक्षता में सामान्य सभा सम्पन्न, विकास योजनाओं की हुई विस्तृत समीक्षा
वर्षा पूर्व तैयारियों, राशन वितरण, शिक्षा व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर हुई चर्चा

जनोदय पंच। जनपद पंचायत पानसेमल की सामान्य सभा एवं विभागीय समीक्षा बैठक विधायक श्याम बरडे की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों और आगामी कार्ययोजनाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
विकास कार्यों और योजनाओं की हुई समीक्षा
पानसेमल जनपद पंचायत सभागार में विधायक श्याम बरडे की अध्यक्षता में सामान्य सभा एवं विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई। विधायक श्याम बरडे ने विभागीय अधिकारियों से वन-टू-वन चर्चा कर योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए कृषि विभाग की तैयारियों, पात्र हितग्राहियों को समय पर निःशुल्क राशन उपलब्ध कराने, नए शिक्षा सत्र के लिए विद्यालयों की व्यवस्थाओं तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा भी की गई।

योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक श्याम बरडे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंत्र “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” है और इसी भावना के साथ केंद्र एवं राज्य सरकार विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि शासन की प्रत्येक योजना का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी हितग्राही वंचित न रहे। उन्होंने प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

लापरवाही पर सख्ती, उत्कृष्ट कार्य पर प्रोत्साहन
विधायक श्याम बरडे ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाएं गांव, गरीब, किसान, मजदूर, महिलाओं, युवाओं एवं छोटे व्यापारियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। इन योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वे प्रतिदिन गांव-गांव पहुंचकर जनता की समस्याओं के समाधान का प्रयास करते हैं, इसलिए अधिकारियों और कर्मचारियों को भी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी, जबकि उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरा सहयोग एवं प्रोत्साहन दिया जाएगा।
बैठक में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शीला विनोद वसावे, अध्यक्ष प्रतिनिधि विनोद वसावे, जनपद सदस्य जगदीश भंडारी, पंडित जी माली, डॉ. अजय निकुम, देवा नावड़े, कालू सिंह बरडे, अनुप पवार, मोती सोलंकी, नेवरसिंह सिंगोरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित कर विकास कार्यों को गति देना और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना रहा।




