खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे
ठीकरी नगर में खड़ी ईको कार के टायर व डिस्क चोरी, पुलिस ने जांच शुरू की

अंजड़। रोहित मंडलोई। ठीकरी नगर में एक बार फिर चोरी की वारदात सामने आई है। इस बार चोरों ने किसी दुकान का ताला नहीं तोड़ा, बल्कि घर के सामने स्थित खले में खड़ी एक ईको कार को निशाना बनाया। अज्ञात चोर कार के एक टायर को छोड़कर बाकी सभी टायर और उनसे लगी डिस्क खोलकर ले गए। वाहन मालिक के अनुसार चोरी गए टायर और डिस्क की कुल कीमत पचास हजार रुपये से अधिक बताई गई है।
जानकारी के मुताबिक, कान्हा दूध डेयरी के संचालक चन्द्रशेखर मदनलाल गुप्ता उर्फ दीपक गुप्ता ने बताया कि उनके घर के सामने बने खले में उनकी कार के साथ अन्य वाहन भी खड़े थे, लेकिन चोरों ने केवल ईको कार को ही निशाना बनाया। घटना मंगलवार-बुधवार दरमियानी रात की बताई गई है। पीड़ित द्वारा चोरी की रिपोर्ट ठीकरी थाने में दर्ज कराई गई है।
ठीकरी टीआई नाथूसिंग रंधा ने बताया कि नगर में कार के टायर चोरी होने की शिकायत मिली है। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण से जुड़े हर पहलू पर जांच जारी है।



