इंदौर में आपसी विवाद के बाद महिला पर ब्लेड से हमला, सड़क पर खून से लथपथ मिली, ट्रैफिक पुलिस ने बचाई जान
पलासिया थाना क्षेत्र की घटना, ट्रैफिक पुलिस जवानों ने तत्काल मदद कर दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया

जनोदय पंच। इंदौर के पलासिया थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के बाद एक महिला पर ब्लेड से हमला कर दिया गया। गले पर गंभीर चोट लगने के बाद महिला मदद के लिए सड़क पर पहुंची। ट्रैफिक पुलिस जवानों ने तत्काल सहायता कर उसे अस्पताल पहुंचाया। हमले के बाद घायल व्यक्ति को भी अस्पताल पहुंचाया गया।
एक दिन पहले हुई थी दोनों के बीच कहासुनी
पलासिया टीआई सुरेंद्र सिंह रघुवंशी ने बताया कि गायत्री कनाड़िया के चेतन नगर में रहती है। वह और नीरज तोमर एक-दूसरे को करीब एक साल से जानते हैं। एक दिन पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसी विवाद को लेकर गायत्री नीरज की शिकायत करने महिला थाने जा रही थी।
गले पर ब्लेड से हमला, मदद के लिए सड़क पर पहुंची महिला
इसी दौरान नीरज ने गायत्री के गले पर ब्लेड से हमला कर दिया। हमले में गायत्री के गले पर गंभीर चोट आई और वह खून से लथपथ हालत में मदद के लिए सड़क पर दौड़ती हुई पहुंची। इसी दौरान वहां से गुजर रहे ट्रैफिक पुलिस के जवानों की नजर घायल महिला पर पड़ी।
ट्रैफिक पुलिस जवानों ने रुमाल से बांधी पट्टी
आरक्षक सुमन्त सिंह कछावा, रवि मंडेलिया और वीरेंद्र भूरिया ने बिना समय गंवाए महिला की मदद शुरू की। जवानों ने रुमाल की मदद से उसके गले पर पट्टी बांधी और तत्काल ऑटो रुकवाकर महिला को अस्पताल पहुंचाया।
महिला पर हमले के बाद नीरज ने खुद को भी किया घायल
बताया जा रहा है कि गायत्री पर हमला करने के बाद नीरज ने खुद के गले पर भी ब्लेड से वार कर लिया था। वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। आरक्षक रवि मंडेलिया और कृष्णा ने घायल नीरज को अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों का उपचार किया गया। समय पर मदद और इलाज मिलने से दोनों की जान बच गई।
पलासिया थाना पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल पलासिया थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस विवाद के कारणों के साथ ही पूरे घटनाक्रम को लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है। पूरे घटनाक्रम में ट्रैफिक पुलिस के जवानों की तत्परता और सूझबूझ अहम रही।



