इंदौर में पार्षद संध्या यादव पर टिप्पणी के बाद कैलाश विजयवर्गीय ने जताया खेद, कांग्रेस पर बयान गलत तरीके से पेश करने का आरोप
संध्या यादव बोलीं- कैलाश विजयवर्गीय पिता तुल्य, दोनों के बीच पिता-पुत्री जैसा रिश्ता

जनोदय पंच। इंदौर में महिला पार्षद पर की गई टिप्पणी को लेकर विवाद बढ़ने के बाद मंत्री ने वीडियो जारी कर खेद जताया। उन्होंने कांग्रेस पर बयान को गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगाया। पार्षद ने भी मंत्री को पिता तुल्य बताते हुए लोगों से भ्रामक खबरों पर ध्यान नहीं देने की अपील की।
विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम में हुई थी टिप्पणी
रविवार को विधानसभा क्रमांक-एक के वार्ड-6 में 7 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम का आयोजन हुआ था। इसी दौरान नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पार्षद संध्या यादव के काम की तारीफ करते हुए टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था, ‘संध्या दीदी की भी जरा चौड़ाई बढ़ गई…थोड़ी सी।’ इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
विवाद बढ़ने के बाद विजयवर्गीय ने जारी किया बयान
विवाद बढ़ने के बाद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने वीडियो जारी कर अपनी टिप्पणी पर खेद जताया। उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र की सक्रिय पार्षद संध्या यादव के वार्ड में काफी विकास कार्य हुए हैं। उनके अनुसार, भाषण में संध्या यादव के बारे में कहे गए शब्दों को कांग्रेस ने गलत तरीके से उठाया।
विजयवर्गीय ने कहा कि संध्या यादव उनकी बेटी जैसी हैं और उन्होंने उन्हें बचपन में गोद में खिलाया है। उन्होंने कहा कि न उनके मन में कुछ था और न संध्या के मन में। लेकिन जिस तरीके से कांग्रेस नेताओं ने इस बात को उठाया, उससे वह दुखी हैं। उन्होंने इस संबंध में खेद प्रकट किया।
संध्या यादव बोलीं- कैलाश विजयवर्गीय पिता तुल्य
पार्षद संध्या यादव ने कहा कि कैलाश विजयवर्गीय उनके पिता तुल्य हैं और दोनों के बीच पिता-पुत्री का रिश्ता है। उन्होंने कहा कि विजयवर्गीय ने उन्हें बचपन में गोद में खिलाया है। संध्या यादव ने लोगों से वायरल टिप्पणी को लेकर चल रही भ्रामक खबरों पर ध्यान नहीं देने की अपील की।
वार्ड में विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण
संध्या यादव ने कहा कि उनके वार्ड में 7 करोड़ 10 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन और पानी की टंकी व संजीवनी क्लिनिक का लोकार्पण कार्यक्रम था। इसमें विधायक कैलाश विजयवर्गीय, सांसद शंकर लालवानी समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।



