सेंधवा में पहली बार रावण के साथ कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का होगा दहन, 71 फीट का रावण बनेगा आकर्षण
दशहरा मैदान में 20 अक्टूबर को शाम 7:30 बजे होगा आयोजन, अहमदाबाद की इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाजी और 11 फीट की सूर्पणखा भी रहेगी खास आकर्षण

जनोदय पंच। सेंधवा के दशहरा मैदान में 20 अक्टूबर को विजयी दशमी पर रावण दहन का भव्य कार्यक्रम आयोजित होगा। इस बार पहली बार रावण के साथ कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का भी दहन किया जाएगा। 71 फीट का रावण, 41-41 फीट के दोनों पुतले, इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाजी और शोभायात्रा आयोजन के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
दिनेश गंज एकता संगठन दारूगोदाम एवं कॉटन व्यापारी एसोसिएशन के तत्वावधान में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी 20 अक्टूबर को शाम 7:30 बजे दशहरा मैदान पर रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजन को भव्य बनाने के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। दिल्ली की तर्ज पर इस बार रावण के साथ कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का भी दहन किया जाएगा। सेंधवा में पहली बार होने जा रहे इस आयोजन को लेकर शहरवासियों में उत्साह है।

71 फीट का रावण और 41-41 फीट के होंगे कुंभकरण-मेघनाथ
पुतलों का निर्माण कर रहे इंदौर के कलाकार रामचंद्र हनुमंत ने बताया कि इस वर्ष रावण का पुतला 71 फीट ऊंचा बनाया जा रहा है, जबकि कुंभकरण और मेघनाथ के पुतले 41-41 फीट ऊंचे तैयार किए गए हैं। तीनों पुतलों को वाटरप्रूफ बनाया गया है, ताकि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों का उन पर असर न पड़े।
उन्होंने बताया कि रावण के दसों सिरों को अहंकार और क्रोध के भाव के साथ तैयार किया गया है। पुतले के मुंह और आंखों से धुआं एवं आग निकलने की विशेष व्यवस्था की गई है, जो दहन के दौरान दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेगी। पुतलों के निर्माण में कलात्मकता के साथ तकनीकी विशेषताओं का भी ध्यान रखा जा रहा है।
रामचंद्र हनुमंत ने बताया कि वे पिछले 21 वर्षों से सेंधवा में रावण के पुतले का निर्माण कर रहे हैं। हर वर्ष पुतले को आकर्षक और विशेष स्वरूप देने का प्रयास किया जाता है। इस बार तीन पुतलों के निर्माण के साथ आयोजन को नया रूप दिया जा रहा है।
अहमदाबाद की इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाजी बिखेरेगी रंग
विजयादशमी पर गुजरात के अहमदाबाद से इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाजी की व्यवस्था की जा रही है। रावण दहन के दौरान होने वाली आतिशबाजी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेगी। तीनों विशालकाय पुतलों के दहन और आतिशबाजी का नजारा देखने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासियों के दशहरा मैदान पहुंचने की संभावना है।
शोभायात्रा में 11 फीट की सूर्पणखा भी होगी शामिल
दिनेश गंज एकता संगठन दारूगोदाम की ओर से राम, लक्ष्मण और हनुमान की शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस बार रावण की बहन सूर्पणखा का 11 फीट ऊंचा पुतला भी तैयार किया जा रहा है। सूर्पणखा राम, लक्ष्मण और हनुमान की शोभायात्रा के साथ नृत्य करते हुए चलेगी। धार्मिक प्रसंगों को दर्शाती शोभायात्रा और सूर्पणखा का विशेष स्वरूप आयोजन को अलग पहचान देगा।

नगर पालिका अध्यक्ष ने की सहभागिता की अपील
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती बसंती बाई यादव ने शहरवासियों से रावण दहन कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दशहरा असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। सभी नगरवासी धार्मिक आस्था और उत्साह के साथ पर्व में सहभागी बनें तथा आयोजन को सफल बनाएं।
सेंधवा में पहली बार रावण के साथ कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का दहन होने से इस वर्ष का दशहरा विशेष रहेगा। शहरवासियों को 20 अक्टूबर की शाम दशहरा मैदान में होने वाले आयोजन का इंतजार है।



