इंदौर के सरकारी अस्पतालों के दूषित पानी पर निगम हरकत में, नर्मदा कनेक्शन देने का आश्वासन
भागीरथपुरा मामले के आठ महीने बाद पांच अस्पतालों के 15 पानी सैंपलों की रिपोर्ट सामने आने पर निगम ने कनेक्शन देने की तैयारी जताई

जनोदय पंच। इंदौर के पांच प्रमुख सरकारी अस्पतालों के पानी के सैंपलों की जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद नगर निगम प्रशासन ने नर्मदा जल कनेक्शन देने की तैयारी जताई है। अस्पतालों के बोरिंग और वाटर कूलरों के पानी से जुड़ी समस्या पर प्रबंधन से संवाद किया जा चुका है।
मध्य प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार द्वारा शुक्रवार को भागीरथपुरा दूषित पानी कांड में जान गंवाने वाले 36 लोगों की मौत के आठ महीने बाद इंदौर के पांच प्रमुख सरकारी अस्पतालों के दूषित पानी के सैंपलों की रिपोर्ट उजागर की गई। इसके बाद नगर निगम प्रशासन ने अस्पतालों में नर्मदा जल कनेक्शन देने की बात कही है।
बोरिंग और वाटर कूलरों के पानी को लेकर समस्या
इंदौर नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने बताया कि जांच के आधार पर कुछ सरकारी अस्पतालों के बोरिंग के पानी के सैंपलों में समस्याएं पाई गई हैं। उन्होंने कहा कि बोरवेल वाटर और वाटर कूलरों के पानी से जुड़ी समस्या को लेकर संबंधित अस्पताल प्रबंधन से पूर्व में ही संवाद किया जा चुका है।
आवेदन मिलते ही नर्मदा जल कनेक्शन देने की तैयारी
निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने स्पष्ट किया कि जिन अस्पतालों में अब तक नगर निगम की ओर से नर्मदा जल का कनेक्शन नहीं है, वहां निगम जल्द से जल्द कनेक्शन देने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों की ओर से नर्मदा जल कनेक्शन के लिए आवेदन मिलते ही उन्हें तत्काल प्रभाव से नर्मदा का शुद्ध पेयजल मुहैया कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम द्वारा की जा रही नर्मदा जल आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित है और उसकी सप्लाई में किसी प्रकार की कोई खराबी या समस्या नहीं है।
15 सैंपलों की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की गई
शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने भागीरथपुरा दूषित पानी कांड को लेकर हाई कोर्ट द्वारा तय की गई एक सदस्य जांच आयोग की रिपोर्ट पर चर्चा के दौरान इंदौर के पांच सरकारी अस्पतालों के 15 दूषित पानी के सैंपलों की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की। उन्होंने मरीजों के स्वास्थ्य पर चिंता जताई। इसके बाद नगर निगम ने प्राथमिकता के आधार पर नर्मदा कनेक्शन देने का आश्वासन दिया है।



