खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

बड़वानी में कुत्ते के मुंह में मिला करीब पांच महीने का भ्रूण, अस्पताल की सील से उठे कई सवाल

बृज विहार कॉलोनी में सड़क पर भ्रूण मिलने से हड़कंप, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा; आसपास के अस्पतालों से जुटाई जा रही जानकारी

रमन बोरखड़े। जनोदय पंच। बड़वानी की बृज विहार कॉलोनी में शनिवार सुबह कुत्ते के मुंह में करीब पांच महीने का भ्रूण मिलने से लोगों में हलचल मच गई। लोगों ने कुत्ते से भ्रूण छुड़ाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भ्रूण कब्जे में लिया और जांच शुरू की।

प्रत्यक्षदर्शी महेश यादव ने बताया कि सुबह करीब 8.30 बजे उन्होंने कुत्ते को कचरे में कुछ सूंघते देखा। कुछ देर बाद कुत्ते ने उनके सामने भ्रूण को सड़क पर पटक दिया और उसे खाने की कोशिश करने लगा। महेश ने कुत्ते को भगाकर भ्रूण को उससे छुड़ाया।

पार्षद को दी गई सूचना

वार्ड 21 के पार्षद शंकर कुशवाहा के मुताबिक, महेश यादव ने उन्हें सुबह भ्रूण पड़े होने की सूचना दी थी। पार्षद ने बताया कि भ्रूण पर अस्पताल की सील लगी हुई है और यह 2 से 3 दिन पुराना बताया जा रहा है। इससे अस्पताल की सील लगा भ्रूण बाहर पहुंचने को लेकर सवाल उठे हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

शहर कोतवाली थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। भ्रूण को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के शासकीय और निजी अस्पतालों से भी जानकारी जुटा रही है।

अस्पताल की व्यवस्था पर उठे सवाल

पार्षद शंकर कुशवाहा ने कहा कि मामले की जांच जरूरी है। उन्होंने सवाल उठाया कि अस्पताल की सील लगा भ्रूण बाहर कैसे आया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से व्यवस्था में सुधार करने की बात कही। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि भ्रूण अस्पताल से बाहर कैसे पहुंचा।

आपके कार्यालय, समाज और धार्मिक आयोजनों की खबरें ( फोटो, वीडियो व जानकारी ) हमें वॉटसअप पर भेजें। आवश्यक संपादन के बाद हम उन्हें प्रकाशित करेंगे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!