इंदौर में चांदू वाला रोड पर नशे में बदमाश का तांडव, चाकू लहराकर महिलाओं से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार
वायरल वीडियो के बाद चंदन नगर पुलिस की देर रात दबिश, जबीर उर्फ कल्लू पर अवैध वसूली और धमकी का केस

जनोदय पंच। इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में शनिवार रात नशे में एक बदमाश द्वारा चाकू लहराकर राहगीरों को डराने और महिलाओं से अभद्रता करने का वीडियो वायरल हुआ। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
चाकू लहराकर सड़क पर किया हंगामा
चंदन नगर के चांदू वाला रोड पर शनिवार रात लिस्टेड बदमाश जबीर उर्फ कल्लू पिता शाकिर अपने साथियों के साथ नशे में धुत होकर सड़क पर हंगामा कर रहा था। आरोप है कि वह खुलेआम धारदार चाकू लहरा रहा था और राहगीरों को डरा रहा था।
महिलाओं से छेड़छाड़ का भी आरोप
आरोपी पर वहां से गुजरने वाली महिलाओं के साथ अभद्रता, छेड़छाड़ और अड़ीबाजी करने का भी आरोप है। स्थानीय नागरिकों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो पुलिस अधिकारियों तक पहुंचने के बाद चंदन नगर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
देर रात दबिश देकर आरोपी गिरफ्तार
वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए चंदन नगर पुलिस ने देर रात दबिश दी और जबीर उर्फ कल्लू को उसके ठिकाने से कस्टडी में लिया। थाने लाने के बाद पुलिस ने परिसर में आरोपी से कान पकड़कर उठक-बैठक लगवाई।
आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, जबीर उर्फ कल्लू के खिलाफ पूर्व से आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अवैध वसूली, धमकाने और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की है।



