खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

सेंधवा में ग्राम कामोद ने रचा बदलाव का उदाहरण, 30 साल पुराना नशामुक्ति संकल्प 3D अभियान से हुआ साकार

CCTV सुरक्षा, नशामुक्ति और बच्चों की शिक्षा पर जोर; पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों, विद्यार्थियों और ग्राम प्रतिनिधियों का किया सम्मान

रमन बोरखड़े। जनोदय पंच। सेंधवा ग्रामीण क्षेत्र के ग्राम कामोद में नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता को लेकर 3D कार्यक्रम आयोजित हुआ। ग्रामीणों ने दहेज, दारू और डीजे से दूरी का संकल्प लिया। कार्यक्रम में CCTV सुरक्षा, बच्चों की शिक्षा, ग्राम रक्षा समिति और सामाजिक प्रयासों पर भी जोर दिया गया।

30 साल पुराना संकल्प हुआ साकार

पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल की उपस्थिति एवं पहल से थाना सेंधवा ग्रामीण क्षेत्र में खरगोन जिले की सीमा से लगे ग्राम कामोद में नशामुक्ति एवं सामाजिक जागरूकता को लेकर 3D कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को ‘नशे से दूरी है जरूरी’ का संदेश देते हुए गांव को नशामुक्त बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया। पुलिस अधीक्षक ने ग्राम पंचायत एवं ग्रामीणों द्वारा नशामुक्ति के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और अभियान को सफल बनाने में सभी से सहयोग की अपील की।

पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए बताया कि ग्राम कामोद के पटेल श्री इंदर सिंह ने करीब 30 वर्ष पूर्व गांव को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया था, जो ग्रामीणों के सामूहिक प्रयासों से साकार हुआ है। उन्होंने ग्रामीणों से नशे के साथ सामाजिक कुरीतियों से भी दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने ‘3D’ यानी दहेज, दारू और डीजे से दूरी बनाए रखने का संदेश देते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य एवं स्वावलंबन अपनाकर गांव को और अधिक सशक्त बनाने की अपील की।

जनसहयोग से CCTV, सुरक्षा व्यवस्था को मिलेगा बल

ग्राम कामोद में जनसहयोग से लगाए गए CCTV कैमरों की पुलिस अधीक्षक ने सराहना की। उन्होंने गांव के लोगों द्वारा सुरक्षा एवं तकनीक के प्रति दिखाई गई जागरूकता को अन्य गांवों के लिए उदाहरण बताया। उन्होंने जिले के अन्य ग्रामों में भी जनसहयोग से CCTV कैमरे स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अपराधों की रोकथाम में सहयोग देने की अपील की।

मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, ग्राम रक्षा समिति को हेलमेट

कार्यक्रम के दौरान ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों को हेलमेट वितरित किए गए। वहीं मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र/प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

‘बाल संवाद–उम्मीद का उजाला’ में बच्चों से संवाद

‘बाल संवाद–उम्मीद का उजाला’ के माध्यम से बच्चों से संवाद कर उन्हें शिक्षा, करियर एवं आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बच्चे शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़कर डॉक्टर, इंजीनियर, अधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों में अपना भविष्य बना सकते हैं। उन्होंने बच्चों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने तथा अभिभावकों से उचित मार्गदर्शन एवं अवसर उपलब्ध कराने की अपील की।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर, डीएसपी अजाक श्रीमती निलेश्वरी डावर, डीएसपी श्री चेतन बघेल, रक्षित निरीक्षक श्री गजेंद्र निगवाल, रक्षित निरीक्षक सुश्री उषा सिसोदिया, थाना प्रभारी सेंधवा ग्रामीण श्री ओमप्रकाश चांगोड, महिला थाना प्रभारी श्रीमती सुनीता मुजाल्दा एवं चौकी प्रभारी चाचरिया सहायक उप निरीक्षक श्री बृजेश मिश्रा सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर गायत्री परिवार के श्री विक्रम जमरे एवं नरेंद्र भाई, शिवपंथ के नजरा बाबा तथा ग्राम पटेल श्री इंदर सिंह, सरपंच धुधारा वर्ती अबला पूर्व सरपंच श्री मोतीराम, श्री गुलसिंग आर्य, पूर्व सरपंच श्री राजाराम आर्य एवं केलपानी सरपंच श्री शोभराम सोलंकी का विशेष नागरिक सम्मान किया गया। ग्राम पुजारा श्री डोंगर सिंह वर्ती सहित बड़ी संख्या में बच्चे, ग्रामीणजन तथा आसपास के ग्रामों से आए ग्राम पटेल, सरपंच एवं पुजारा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन श्री नरेंद्र तिवारी द्वारा किया गया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!