बड़वाह। सनावद में ग्रीष्मकालीन मेला महोत्सव का भव्य आगाज, झूलों और पकवानों का सज गया बाजार

कपिल वर्मा बड़वाह। भीषण गर्मी के इस मौसम में शहरवासियों और बच्चों के मनोरंजन के लिए स्थानीय कृषि उपज मंडी मेला ग्राउंड में सनावद मेला महोत्सव 2.0 की शुरुआत हो चुकी है।
स्कूल कॉलेज की छुट्टियां लगते ही शुरू हुआ यह मेला क्षेत्र के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। इस मेले में खानपान, खेल खिलौने, सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों के साथ साथ रोमांचक झूलों का विशेष संगम देखने को मिल रहा है। मेले का मुख्य आकर्षण यहां आए विशाल और आधुनिक झूले हैं। बच्चों से लेकर बड़ों तक हर उम्र के लोगों के लिए यहां
आकाश झूला, ब्रेक डांस, ड्रैगन ट्रेन, मिक्की माउस, जंपिंग जैक, कार राइडिंग और कश्ती वाले झूले बच्चों व युवाओं को रोमांचित कर रहे हैं। मेले में महिलाओं और बच्चों की पसंद का विशेष ध्यान रखा गया है। विभिन्न स्थानों से आएं व्यापारी यहां अपनी दुकानें सजा चुके हैं।
कंगन, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, कॉस्मेटिक्स, घरेलू सजावट, घरेलू सामान सहित पर्व आदि की दुकानों पर सैकड़ों वैरायटी उपलब्ध है। साथ ही प्लास्टिक के खिलौने, रिमोट वाली कारें, गुड़िया और ज्ञानवर्धक गेम्स की दुकानों पर बच्चों की भारी भीड़ देखी जा रही है।
मेले की रौनक यहां के फूड स्टॉल्स के बिना अधूरी है। शाम होते ही चटपटे व्यंजनों की खुशबू लोगों को अपनी ओर खींच रही है। जिसमें विभिन्न प्रकार के फास्ट फूड सहित ठंडाई, कुल्फी, आईस्क्रीम चाट और मंचूरियन के स्टॉल्स सजे हैं। गर्मी से राहत देने के लिए विशेष कुल्फी, गन्ने के रस की भी मांग है।
वहीं पिछली बार जहां दुबई सिटी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र थी इस बार सिंगापुर सिटी है जो लोगों को आकर्षित कर रहा है। लोग यहां फोटोएं व सेल्फी ले रहे हैं जो सबसे बड़ा आकर्षण है। विधायक प्रतिनिधि के रूप में संजय बिरला ने विधिवत रूप से मेला महोत्सव की शुरूआज की। शुभम शर्मा ने बताया गर्मी की छुटि्टयों के खाली समय में बच्चों के समय का उपयोग व मनोरंजन उपलब्ध कराना ही इस मेला महोत्सव का उद्देश्य है।
आयोजक सावन चौहान ने बताया इस मेले का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनकी गर्मी की छुट्टियों में एक ही छत के नीचे मनोरंजन और खरीददारी का सुरक्षित माहौल देना है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों से लोग परिवार सहित यहां पहुंच रहे हैं जिससे शाम के समय मेले में खासी चहल पहल देखी जा सकती है। यह मेला आगामी कुछ हफ्तों तक शहरवासियों का मनोरंजन करता रहेगा।



