खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

बड़वानी के सिलावद-होलगांव में गोई नदी पर हाई लेवल पुल का भूमिपूजन, 30 साल पुरानी मांग पूरी

राकेश सिंह ने किया भूमिपूजन, रोड शो में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद, क्षेत्रवासियों में खुशी

जनोदय पंच। बड़वानी जिले के सिलावद-होलगांव के बीच गोई नदी पर उच्च स्तरीय पुल और सड़क निर्माण की आधारशिला प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह ने रखी। 30 साल पुरानी मांग पूरी होने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। परियोजना को मध्य प्रदेश शासन के बजट में स्वीकृति मिलने के बाद अब निर्माण कार्य शुरू हो गया है।कार्यक्रम में पानसेमल विधायक श्याम बर्डे ने पुष्प गुच्छ देकर मंत्री सिंह का स्वागत किया।

बड़वानी जिले के सिलावद-होलगांव के बीच गोई नदी पर उच्च स्तरीय पुल और सड़क निर्माण की आधारशिला शनिवार को रखी गई। प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह ने इसका भूमिपूजन किया। यह पुल क्षेत्रवासियों की 30 साल पुरानी मांग को पूरा करेगा। राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी के प्रयासों से इस परियोजना के लिए जुलाई 2024 में मध्य प्रदेश शासन के बजट में 10 करोड़ 39 लाख 88 हजार रुपए की स्वीकृति मिली थी।

रोड शो में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी

भूमिपूजन समारोह सिलावद-होलगांव के बीच आयोजित किया गया। इस अवसर पर मंत्री राकेश सिंह ने सिलावद के पुराना बस स्टैंड से पुराना थाना मैदान तक एक खुली जीप में रोड शो भी किया। इस दौरान उनके साथ राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी, प्रेमसिंह पटेल, विधायक श्याम बरड़े, गजेंद्र सिंह पटेल और भाजपा जिलाध्यक्ष अजय यादव मौजूद थे।

ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी राहत

डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी के निरंतर प्रयास और जनहित के प्रति समर्पण की अहम भूमिका रही है। डॉ. सोलंकी ने लगातार क्षेत्र की इस बहुप्रतीक्षित मांग को शासन स्तर पर प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि गोई नदी पर पुल न होने के कारण वर्षों से हजारों ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। वर्षा ऋतु में नदी पार करना जोखिमपूर्ण होता था, जिससे कई दुर्घटनाएं हुईं और लोगों की जान भी गई। विद्यार्थियों, किसानों, मरीजों और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी होती थी।

निर्माण प्रक्रिया और एजेंसी चयन

वर्ष 2024 के बजट में स्वीकृति मिलने के बाद सेतू विभाग खरगोन द्वारा टेंडर प्रक्रिया की गई। 12 मार्च 2025 को निर्माण के लिए तकनीकी स्वीकृति प्रदान की गई। पुल का ठेका सीहोर की एजेंसी मेसर्स काला इंजीनियरिंग को मिला। टेंडर के बाद नवंबर 2025 में बोरिंग टेस्टिंग की गई और अब भूमिपूजन के साथ निर्माण कार्य शुरू हुआ।

विकास को मिलेगी नई गति

पुल बनने से सिलावद, होलगांव सहित आसपास के गांवों को सुरक्षित, सुगम और तेज आवागमन की सुविधा मिलेगी। इससे व्यापार, शिक्षा, कृषि और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। सिलावद से पाटी की दूरी भी लगभग चार किलोमीटर कम हो जाएगी।

राजनीतिक बयान भी सामने आया

मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने 60 सालों के शासनकाल में देश और प्रदेश के विकास के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कांग्रेस की नीतियों को दिशाहीन और विकास विरोधी बताया। राकेश सिंह ने कांग्रेस को एक दिशाहीन पार्टी बताया, जिसके पास न तो कोई ठोस मुद्दे हैं और न ही कोई नीति।
मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में वर्तमान में भाजपा की केंद्र और राज्य की सरकार ने जनजातीय वर्ग के लिए जो कार्य किए हैं, इसके पहले कभी उस पर विचार भी नहीं हुआ था। जनजातीय समाज के वीर नायकों की गौरव गाथा आने वाली पीढ़ियों की भी स्मृति बना रहे। इसके लिए बेहतर प्रयास हुए हैं।


 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!