पलसूद में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर, दंपती की मौत, मासूम बेटी गंभीर
पारिवारिक कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हादसा, पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर जांच शुरू की

जनोदय पंच। सेंधवा के पलसूद थाना क्षेत्र में शनिवार रात सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनकी दो साल की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। जलखेड़ा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मारी, जिससे यह हादसा हुआ।
सेंधवा से लगभग 25 किलोमीटर दूर पलसूद थाना क्षेत्र के जलखेड़ा गांव के पास सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौके पर मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वेदपुरी निवासी ऐसराम (26) और उनकी पत्नी ललिता (24) की जान चली गई, जबकि उनकी दो साल की बेटी अक्षिता गंभीर रूप से घायल हो गई।
पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहे थे
बताया गया कि ऐसराम, ललिता और उनकी बेटी अक्षिता शनिवार रात जलखेड़ा गांव में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद लौट रहे थे। रात करीब 9 से 10 बजे के बीच तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।

अस्पताल में मृत घोषित, बच्ची रेफर
पलसूद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मेडिकल ऑफिसर श्याम प्रजापति ने बताया कि 108 एम्बुलेंस से तीनों घायलों को अस्पताल लाया गया था। जांच के बाद डॉक्टरों ने पति-पत्नी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनकी बेटी अक्षिता को प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस जांच जारी, गांवों में शोक
घटना की सूचना मिलते ही पलसूद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद जलखेड़ा और वेदपुरी गांवों में शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में परिजन पलसूद स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। रविवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा जाएगा।



