बड़वानी; उर्वरक वितरण में कालाबाजारी व लापरवाही अक्षम्य, होगी सख्त कानूनी कार्रवाई – कलेक्टर
जिले में उर्वरक वितरण की व्यवस्थाओं संबंधी समीक्षा बैठक आयोजित

बड़वानी; कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार कलेक्ट्रेट सभागृह बड़वानी में जिले में सुचारू उर्वरक वितरण की व्यवस्थाओं की समीक्षा आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने स्पष्ट किया कि उर्वरक की मांग और उपलब्धता में संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में उन्होंने उर्वरक की उपलब्धता और वितरण को लेकर कृषि, सहकारिता और मार्कफेड के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में निम्नलिखित मुख्य निर्देश दिए गए
1. 75 % से कम उर्वरक वितरण करने समितियां वितरण कार्य में प्रगति लाए। जिले में सबसे कम वितरण करने वाली सिलावद, अंजड, गवाड़ी समितियों के प्रबंधकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। सभी समितियों के प्रबंधकों को निर्देशित किया गया है कि अगली समीक्षा बैठक तक प्रगति न दिखने पर और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
2. समस्त एसडीएम को निर्देशित गया किया है कि जिले में उर्वरक के स्टॉक की उपलब्धता की नियमित और कड़ाई से मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
3. सिंगल सुपर फॉस्फेट ( SSP ) का वितरण पूरी तरह सुचारू और व्यवस्थित ढंग से कराया जाए ताकि किसानों को कोई असुविधा न हो।
4. उर्वरक की कालाबाजारी, जमाखोरी या किसी भी प्रकार की अनियमितता करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन द्वारा सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
5. उप संचालक कृषि विभाग, सहकारिता, मार्कफेड एवं अन्य संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि इंटर-सोसाइटी डिस्ट्रीब्यूशन पर विशेष ध्यान दें। इसके साथ ही निजी डीलरों के पास उपलब्ध स्टॉक की भी लगातार मॉनिटरिंग की जाए।
6. जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले ऐसे किसान, जिनकी कृषि भूमि अन्य जिलों की सीमा में आती है, उनके लिए राज्य स्तर से मैपिंग की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। ऐसे कृषकों को उनकी भूमि के सर्वे क्रमांक ( खसरा नंबर ) के अनुसार संबंधित जिले से ही उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जायेगी।
इस दौरान बैठक में संयुक्त कलेक्टर, एसडीएम बड़वानी, उप संचालक कृषि विभाग, सहकारिता आयुक्त, मार्कफेड विभाग के अधिकारियों सहित जिले की विभिन्न समितियों के प्रबंधक उपस्थित रहे। विकासखंड स्तर से समस्त वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य वीसी के माध्यम से बैठक में उपस्थित रहे।



