सेंधवा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बच्चों ने दिखाया उत्साह, प्राणायाम और योगासनों से गूंजा स्कूल परिसर
नेहरू स्मृति स्कूल और स्वामी विवेकानंद शिक्षा महाविद्यालय में विशेष योग शिविर, विद्यार्थियों ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प

जनोदय पंच। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सेंधवा के जोगवाड़ा रोड स्थित नेहरू स्मृति हायर सेकेंडरी हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम स्कूल तथा स्वामी विवेकानंद शिक्षा महाविद्यालय परिसर में विशेष योग शिविर आयोजित किया गया। मॉर्निंग योगा ग्रुप के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने प्राणायाम और योगासन कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
शिक्षा प्रसारक समिति द्वारा संचालित नेहरू स्मृति हायर सेकेंडरी हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम स्कूल एवं स्वामी विवेकानंद शिक्षा महाविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मॉर्निंग योगा ग्रुप द्वारा विद्यार्थियों को योगाभ्यास कराया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग के प्रति अपनी रुचि दिखाई।
प्राणायाम और योगासनों का कराया अभ्यास
योग शिविर की शुरुआत प्राणायाम से हुई। विद्यार्थियों को भ्रामरी, अनुलोम-विलोम, कपालभाति, सूर्य नमस्कार एवं भस्त्रिका प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। इसके बाद बच्चों ने विभिन्न योगासनों का प्रदर्शन कर योग के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

योग को बताया स्वस्थ जीवन की कला
कार्यक्रम में मॉर्निंग योगा ग्रुप के शीतल गांधी ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की कला है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग मानसिक तनाव को कम कर स्थिरता और शांति प्रदान करता है। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने के उद्देश्य और विश्वभर में योग की बढ़ती स्वीकार्यता पर भी जानकारी दी।

शिक्षा के साथ स्वास्थ्य भी आवश्यक
संस्था अध्यक्ष रविन्द्रसिंह मण्डलोई ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य भी अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और इसका नियमित अभ्यास शरीर को स्वस्थ, मन को शांत तथा एकाग्रता को मजबूत बनाता है।

योग प्रशिक्षकों का किया सम्मान
कार्यक्रम में मॉर्निंग योगा ग्रुप के शीतल गांधी एवं प्रतीक भावसार का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। आभार संस्था सचिव अशोक कुमार सकलेचा ने व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष पीरचंद मित्तल, बी.एल. जैन, दिलीप कानूनगो, उपाध्यक्ष शैलेष कुमार जोशी, सचिव अशोक कुमार सकलेचा, कोषाध्यक्ष दीपक लालका, सह सचिव मनोज कानूनगो, गिरधारीलाल गोयल, प्राचार्य के.सी. पालीवाल, डॉ. भारती भट्ट, हेमंत खेड़े, राहुल मण्डलोई, देवेंद्र कानूनगो, गणमान्य नागरिक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।




