कलेक्टर ने बोर्ड परीक्षा परिणाम में प्रदेश की प्रावीण्य सूची में स्थान पाने वाली मेधावी छात्राओं को किया सम्मानित

कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने आज जिला कलेक्ट्रेट में मध्यप्रदेश की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाने वाली दो मेधावी छात्राओं, कु. उमामा मंसूरी (कक्षा 12 वी) एवं कु. महक गोले(10 वी) से भेंट की। इस अवसर पर कलेक्टर ने दोनों छात्राओं को सम्मानित किया एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुलाकात के दौरान कलेक्टर श्रीमती सिंह ने छात्राओं से उनकी पढ़ाई की रणनीति, भविष्य के लक्ष्यों और उनकी सफलता के पीछे के संघर्षों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि “सीमित संसाधनों के बावजूद बड़वानी की इन बेटियों ने प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बनाई है, जो पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। इनकी यह सफलता जिले के अन्य विद्यार्थियों, विशेषकर बालिकाओं के लिए एक प्रेरणा हैं।”

छात्राओं ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन और माता-पिता के निरंतर सहयोग को दिया। उन्होंने कलेक्टर श्रीमती सिंह को बताया कि वे भविष्य में उच्च शिक्षा के माध्यम से देश और समाज की सेवा करना चाहती हैं।
इस अवसर पर कलेक्टर ने छात्राओं के अभिभावकों को भी बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा में परिवार का संबल सबसे महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये बेटियाँ आगे चलकर जिले का नाम और भी रोशन करेंगी।



