कलेक्टर श्रीमती सिंह ने सेंधवा माइक्रो लिफ्ट इरिगेशन प्रोजेक्ट का किया निरीक्षण, समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश

बड़वानी ; कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह शुक्रवार नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण द्वारा जिले की निर्माणाधीन सेंधवा माइक्रो लिफ्ट इरिगेशन प्रोजेक्ट के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति का अवलोकन किया। सर्वप्रथम सेंधवा के ग्राम मोरदड़ में पंप हाउस क्र.6 और तहसील अंजड़ के ग्राम सेगाँव में पंप हाउस क्र.1 के का निरीक्षण किया,जहाँ वर्तमान में निर्माण कार्य प्रगति पर है। यहाँ पंप फ्लोर स्लैब तक का सिविल कार्य पूर्ण हो चुका है।
श्रीमती सिंह ने ग्राम मेहतगाँव में चल रहे पाइप लाइन विस्तार कार्य का भी निरीक्षण किया और मौके पर उपस्थित इंजीनियरों से प्रोजेक्ट के तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस सिंचाई परियोजना एक महत्त्वपूर्ण परियोजना हैं जिसका सीधा लाभ क्षेत्र के किसानों को मिलना है, इसलिए निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के साथ निर्धारित समय सीमा में तीव्र गति से कार्य करने के निर्देश दिए गए।

कार्यपालन यंत्री (इंदिरा सागर परियोजना 14, ठीकरी) श्री हितेंद्र पाल ने बताया कि 1402.74 करोड़ की लागत से बनने वाली सेंधवा माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना जिले की महत्वकांक्षी परियोजना हैं जिसका लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है और इस परियोजना को वर्ष 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इस वृहद सिंचाई योजना से जिले के 107 गाँवों की कुल 49,990 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। परियोजना के माध्यम से सेंधवा के 68, राजपुर के 29, निवाली के 8 और बड़वानी के 2 गाँव लाभान्वित होंगे, जिसके लिए मोरदड़, झोपाली, धावडी, गोठानिया, बालकुंआ और सेगाँव में कुल 6 पंप हाउसों का निर्माण किया जा रहा है।
इस दौरान एसडीएम सेंधवा श्री आशीष, तहसीलदार सेंधवा श्री राहुल सोलंकी सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।





