खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरेसेंधवा

सेंधवा के बिजासन घाट में भीषण हादसा, ट्रेलर-बाइक टक्कर में दंपती की मौत

बिजासन घाट पर ब्रेक फेल होने से डिवाइडर पार कर आया ट्रेलर, बच्चों समेत परिवार हादसे का शिकार

मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे पर बिजासन घाट क्षेत्र में एक ट्रेलर के अनियंत्रित होकर गलत दिशा में आ जाने से गंभीर सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार दंपती की मौत हो गई, जबकि उनके दोनों बच्चे घायल हुए। घटना के बाद यातायात प्रभावित रहा।


बिजासन घाट पर अनियंत्रित हुआ ट्रेलर

सेंधवा शहर से करीब 16 किलोमीटर दूर मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे पर बिजासन घाट में शनिवार शाम करीब 6.30 बजे सड़क हादसा हुआ। इंदौर से मुंबई की ओर जा रहा क्वाइल से भरा ट्रेलर (MH 06 GS 8810) घाट उतरते समय पुलिस चौकी से पहले अनियंत्रित हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रेलर के ब्रेक फेल हो गए, जिससे वह डिवाइडर पार कर गलत दिशा में चला गया और सेंधवा की ओर जा रही बाइक से टकरा गया।

दंपती की मौके पर मौत, बच्चे घायल

हादसे में बाइक सवार शिरपुर निवासी सयाराम पिपलोदे और उनकी पत्नी संतरी बाई की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बाइक पर सवार उनका बेटा रोहित (10) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद सेंधवा अस्पताल ले जाया गया और बाद में गंभीर हालत में बड़वानी जिला अस्पताल रेफर किया गया। उनकी नातीन साक्षी (3) को मामूली चोटें आई हैं।

हाईवे पर लगा जाम, चालक फरार

ट्रेलर और उस पर लदे क्वाइल के नीचे दबने से बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर बिजासन चौकी पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस के अनुसार हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है और फरार चालक की तलाश जारी है।


 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!