बड़वानी में वेंडर मार्केट का लोकार्पण लंबित, नेता प्रतिपक्ष ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, 3.10 करोड़ की लागत से बना मार्केट अब तक शुरू नहीं

बड़वानी नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष राकेश सिंह जाधव ने शुक्रवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शहर के झंडा चौक स्थित वेंडर मार्केट का शीघ्र लोकार्पण कराने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि मार्केट के शुरू होने से आमजन को सुविधा मिलेगी और शहर में लगने वाले जाम से राहत मिल सकेगी।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि झंडा चौक जैसे व्यस्ततम क्षेत्र में 3.10 करोड़ रुपए की लागत से वेंडर मार्केट का निर्माण कराया गया था। इसका उद्देश्य सड़कों पर बैठने वाले दुकानदारों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराना, यातायात व्यवस्था सुधारना और शहर में स्वच्छता व सौंदर्य बढ़ाना था, लेकिन अब तक इसका उपयोग शुरू नहीं हो पाया है।
डेडलाइन के बावजूद अधूरा लाभ
नेता प्रतिपक्ष राकेश सिंह जाधव ने बताया कि परियोजना की शुरुआत मार्च 2023 में हुई थी और इसे 18 माह में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया था। पहली समयसीमा सितंबर 2024 में समाप्त हो गई, जबकि दूसरी डेडलाइन जनवरी 2026 बताई गई थी। इसके बावजूद अब तक वेंडर मार्केट का लोकार्पण नहीं हो सका है।

प्रशासन पर लापरवाही के आरोप
ज्ञापन में नगर पालिका प्रशासन पर अनदेखी के आरोप लगाते हुए कहा गया कि जिम्मेदारों द्वारा बार-बार लोकार्पण के दावे किए गए, लेकिन वे पूरे नहीं हुए। वर्तमान में वेंडर मार्केट उपयोग के अभाव में खाली पड़ा हुआ है और जनता को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
आंदोलन की चेतावनी
नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष राकेश सिंह जाधव, कांग्रेस पार्षद दल और युवक कांग्रेस ने मांग की है कि वेंडर मार्केट का जल्द लोकार्पण किया जाए, ताकि शहरवासियों को सुविधा मिल सके। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि यदि समय रहते लोकार्पण नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्षद दल और युवा कांग्रेस उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।



