बड़वानी में नगरपालिका का स्वच्छता और अतिक्रमण अभियान, दुकानों के बाहर चूने की लाइन खींचकर तय की लक्ष्मण रेखा
पार्षदों और कर्मचारियों के साथ नपाध्यक्ष अश्विनी निक्कू चौहान ने की सफाई, व्यापारियों को गीला-सूखा कचरा अलग रखने की समझाइश

जनोदय पंच। बड़वानी के पाला बाजार में नगरपालिका ने स्वच्छता और अतिक्रमण के खिलाफ एक साथ अभियान चलाया। कर्मचारियों ने सफाई के साथ दुकानों के बाहर चूने की लाइन खींची। व्यापारियों से सामान निर्धारित सीमा के भीतर रखने और कचरा अलग-अलग डस्टबिन में डालने की अपील की गई।
सफाई के साथ अतिक्रमण पर भी फोकस
बड़वानी के पाला बाजार में सोमवार को नगरपालिका का अलग अंदाज नजर आया। बाजार खुलने से पहले ही नगरपालिका के कर्मचारी हाथों में झाड़ू और फावड़े लेकर सफाई के लिए उतर गए। नपाध्यक्ष अश्विनी निक्कू चौहान भी पार्षदों और कर्मचारियों के साथ सड़क पर सफाई करती नजर आईं। नगरपालिका ने शहर को अतिक्रमण मुक्त और स्वच्छ बनाने के लिए एक साथ दो मोर्चों पर काम शुरू किया। अभियान के तहत पहले पूरे बाजार में गहन सफाई की गई।

दुकानों के बाहर खींची चूने की सफेद लाइन
सफाई के दौरान दुकानों के बाहर पड़ा कचरा, पॉलिथीन और मलबा हटाया गया। इसके बाद सड़कों के दोनों किनारों पर चूने की लंबी सफेद लाइन खींची गई। अधिकारियों ने इसे दुकानों की लक्ष्मण रेखा बताया। मार्किंग के बाद नपाध्यक्ष और उनकी टीम ने एक-एक व्यापारी से मिलकर हाथ जोड़कर अनुरोध किया। व्यापारियों को समझाया गया कि चूने की लाइन के अंदर ही काउंटर, सामान और बोर्ड रखें। लाइन के बाहर एक इंच भी सामान नहीं निकलना चाहिए।

सड़क और यातायात व्यवस्था को लेकर समझाइश
नपाध्यक्ष अश्विनी निक्कू चौहान ने व्यापारियों से कहा कि सामान निर्धारित सीमा के अंदर रखने से सड़क चौड़ी रहेगी, यातायात जाम नहीं होगा और ग्राहकों को भी आने-जाने में आसानी होगी।
उन्होंने दुकानदारों से अपनी दुकान से निकलने वाला गीला और सूखा कचरा अलग-अलग डस्टबिन में डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि कचरा सड़क पर फेंकने से नाली जाम होती है और बीमारियां फैलती हैं, जिसका असर उनके स्वास्थ्य और ग्राहकों पर ही पड़ेगा।
रोज आएगा नगरपालिका का कचरा वाहन
नपाध्यक्ष ने बताया कि नगरपालिका का कचरा वाहन रोज आएगा और दुकानों से कचरा लेकर जाएगा। उन्होंने व्यापारियों से सफाई व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।
नया वेंडर मार्केट तैयार, पुराने दुकानदारों से दस्तावेज मांगे
नपाध्यक्ष ने यह भी बताया कि शहर का नया वेंडर मार्केट बनकर तैयार हो चुका है। इसके लिए आम सूचना जारी कर दी गई है। पुराने दुकानदारों को 10 दिन के अंदर अपने कागजात नगरपालिका में जमा करने होंगे, ताकि दुकानें अलॉट कर उन्हें व्यवस्थित किया जा सके।



