सेंधवा में बारिश से जनजीवन प्रभावित, गवाघाटी-नागलवाड़ी मार्ग बंद, नदी-नाले उफान पर
लगातार बारिश से पुल-पुलियों पर बढ़ा जलस्तर, वरला में 24 घंटे में सर्वाधिक 2.29 इंच वर्षा दर्ज

जनोदय पंच। सेंधवा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। गवाघाटी और नागलवाड़ी जाने वाले मार्ग बंद हो गए हैं। पिछले 24 घंटों में वरला में सर्वाधिक 2.29 इंच वर्षा दर्ज की गई है। कई ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित हुआ है और पुल-पुलियों पर पुलिस निगरानी रख रही है। वहीं नागलवाड़ी से सेंगाव जाने वाले मार्ग पर कई स्थानों पर पुलिया के उपर से पानी बहने के बावजूद लोग बाइक और कार लेकर निकलते हुए जान जोखिम में डालते नजर आ रहे है।


बारिश से नदी-नाले उफान पर, ग्रामीण मार्ग प्रभावित
सेंधवा शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार शाम से शुरू हुई बारिश बुधवार सुबह 6 बजे के बाद तेज हो गई। लगातार बारिश से क्षेत्र के नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। धनोरा गांव में मुख्य नाले का जलस्तर बढ़ने से पिछली गली स्थित वैकल्पिक मार्ग की पुलिया के ऊपर से पानी बहने लगा, जिससे इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया। मुख्य मार्ग की पुलिया से भी पानी करीब आधा फीट नीचे बह रहा है। लगातार बारिश जारी रहने पर इस मार्ग के भी बंद होने की संभावना बनी हुई है।

24 घंटे में वरला में सर्वाधिक वर्षा दर्ज
जिला भू-अभिलेख कार्यालय, बड़वानी के अनुसार पिछले 24 घंटों में सेंधवा अनुभाग के तीनों वर्षामापी केंद्रों पर अच्छी वर्षा दर्ज की गई। वरला में 58.2 मिमी (2.29 इंच), चाचरियापाटी में 25 मिमी (0.98 इंच) और सेंधवा में 20.1 मिमी (0.79 इंच) वर्षा रिकॉर्ड की गई। तीनों केंद्रों में कुल 103.3 मिमी (4.06 इंच) तथा औसत 34.4 मिमी (1.35 इंच) वर्षा दर्ज हुई। वहीं 1 जून से 8 जुलाई तक सेंधवा में 304.8 मिमी (12 इंच), चाचरियापाटी में 240 मिमी (9.45 इंच) और वरला में 235.6 मिमी (9.28 इंच) वर्षा दर्ज की गई। तीनों केंद्रों में अब तक कुल 780.4 मिमी (30.73 इंच) और औसत 260.1 मिमी (10.24 इंच) वर्षा रिकॉर्ड हुई है।

ओझर क्षेत्र में पुल पर बढ़ा जलस्तर, मार्ग बंद
बुधवार सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते सेंधवा से करीब 30 किलोमीटर दूर ओझर गांव के बीच से गुजरने वाली डेब नदी में बाढ़ आ गई। नदी का जलस्तर 14 फीट ऊंचे पुल को छूकर बहने लगा, जिसके चलते पुल से सामान्य आवागमन बंद कर दिया गया। केवल आपात स्थिति में वाहनों की आवाजाही कराई जा रही है। ओझर चौकी प्रभारी एएसआई राकेश मंडलोई ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से पुल के दोनों ओर आवाजाही रोक दी गई है। ओझर से नागलवाड़ी जाने वाला मार्ग बंद है। वहीं ओझर से गवाघाटी एबी रोड जाने वाले मार्ग पर भी आवागमन बंद कर दिया गया है तथा पुलिसकर्मी पुल पर तैनात हैं।
बारिश से जलाशयों में बढ़ी आवक
पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र के नदी-नालों और जलाशयों में पानी की आवक बढ़ने लगी है। वहीं खरीफ सीजन की फसलों को लेकर किसानों में चिंता भी बनी हुई है।



