बड़वानी में एनएसएस के 57वें स्थापना दिवस पर स्वयंसेवकों ने किया श्रमदान और पौधारोपण
स्वयंसेवकों ने पर्यावरण संरक्षण और समाज सेवा का संदेश दिया, कार्यक्रम में साझा किए एनएसएस के अनुभव

बड़वानी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शहीद भीमा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के 57वें स्थापना दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्वयंसेवकों ने श्रमदान और पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ लक्ष्य गीत के साथ हुआ।
प्राचार्य ने स्वयंसेवकों को दिया मार्गदर्शन
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वीणा सत्य ने स्वयंसेवकों को मार्गदर्शन दिया और अनुशासन को जीवन में उतारने की बात कही। जिला संगठक डॉ. आरएस मुजाल्दा ने एनएसएस के उद्देश्य, सेवा भावना और युवाओं की सामाजिक जिम्मेदारी पर प्रकाश डाला।

एनएसएस से व्यक्तित्व विकास पर जोर
पूर्व कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सपना सोनी ने स्वयंसेवकों को एनएसएस की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रणजीत सिंह मेवाड़े ने व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और समाज सेवा के महत्व पर विचार रखे। डॉ. रंजना चौहान ने भी स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन किया।
पूर्व स्वयंसेवकों ने साझा किए अनुभव
कार्यक्रम में पूर्व स्वयंसेवक भूषण पाटिल, हिमांशु चौहान, सुमित, कुलदीप, कपिल, पन्नालाल, आशीष, शिवानी, अर्पिता, परिधि, तमन्ना और पलक ने एनएसएस से जुड़े अनुभव साझा किए। संचालन सुमित, संकेत एवं प्रिया मेहडा ने किया। अंत में संकेत ने आभार व्यक्त किया।



