अनंत चतुर्दशी शोभायात्रा को लेकर सेंधवा में पुलिस-प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
एसपी की मौजूदगी में अधिकारियों ने झांकी मार्ग और विसर्जन स्थलों का किया निरीक्षण, ड्रोन-सीसीटीवी से होगी निगरानी

सेंधवा । अनंत चतुर्दशी पर सेंधवा शहर में निकलने वाली चलित झांकियों और गणेश विसर्जन चल समारोह को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने झांकी के निर्धारित मार्ग का पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
झांकी मार्ग और विसर्जन स्थलों का निरीक्षण
संयुक्त टीम ने गणेश विसर्जन स्थल निवाली रोड स्थित छोटा घंटिया पटिया तथा गोई नदी तट की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीओपी अजय वाघमारे, डीएसपी चेतन सिंह बघेल, तहसीलदार हितेंद्र भावसार सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

भारी वाहनों के प्रवेश पर रहेगी रोक
समारोह के दौरान यातायात व्यवस्था को नियंत्रित रखने के लिए निवाली रोड, जोगवाड़ा रोड, मैकेनिक नगर बायपास और नए बस स्टैंड की ओर से आने वाले भारी वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस के अनुसार यह व्यवस्था समारोह के दौरान यातायात के दबाव को नियंत्रित करने और सुरक्षा बनाए रखने के लिए की गई है।

ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था के तहत पूरे झांकी मार्ग का ड्रोन कैमरों से पूर्व निरीक्षण कराया गया है। चल समारोह के दौरान भीड़ और संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। मार्ग में ऊंची इमारतों पर हायराइज पॉइंट बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा बल के जवान तैनात रहकर क्षेत्र की निगरानी करेंगे।
100 से अधिक असामाजिक तत्व चिह्नित
पुलिस के अनुसार शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पूर्व के मामलों में संलिप्त 100 से अधिक असामाजिक तत्वों को चिह्नित कर बाउंडओवर कराया जा चुका है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष पुलिस टीमें, सादी वर्दी में जवान और गश्ती दल तैनात रहेंगे। पुलिस एवं प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।



