पानसेमल को 50 बिस्तरों वाले सिविल अस्पताल की सौगात, 15.65 करोड़ की मिली स्वीकृति
विधायक श्याम बरड़े के प्रयासों के बाद मिली मंजूरी, क्षेत्रवासियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद

पानसेमल। पानसेमल विधानसभा क्षेत्र को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। मध्य प्रदेश शासन ने पानसेमल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का 50 बिस्तरों वाले सिविल अस्पताल में उन्नयन करने के लिए ₹15.65 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। विधायक श्याम बरड़े सहित जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. राजेंद्र शुक्ल के प्रति आभार व्यक्त किया।
पानसेमल का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लंबे समय से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र रहा है। क्षेत्रवासी कई वर्षों से इसे 50 बिस्तरों वाले सिविल अस्पताल में परिवर्तित करने की मांग कर रहे थे। विधायक श्याम बरड़े ने इस मांग को शासन स्तर पर प्रमुखता से उठाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजेंद्र शुक्ल से कई बार मुलाकात कर क्षेत्र की आवश्यकता से अवगत कराया। इसके बाद शासन ने अस्पताल उन्नयन परियोजना को स्वीकृति प्रदान की।

पानसेमल विधानसभा का बड़ा हिस्सा दूरस्थ एवं आदिवासी अंचल में स्थित है, जहां बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। प्रस्तावित 50 बिस्तरों वाले आधुनिक अस्पताल के निर्माण के बाद क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं अन्य मरीजों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं और बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है। इससे गंभीर मरीजों को उपचार के लिए दूरस्थ शहरों का रुख करने की आवश्यकता भी कम होगी।
इस उपलब्धि पर क्षेत्र के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने विधायक श्याम बरड़े का अभिनंदन करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। विधायक श्याम बरड़े ने कहा कि प्रदेश सरकार अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पानसेमल विधानसभा की प्रत्येक समस्या का समाधान उनकी प्राथमिकता है तथा क्षेत्र का विकास उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, सिंचाई, पेयजल, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण और गरीब कल्याण से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से विकास को नई गति दे रही है।



