कलेक्टर की अध्यक्षता में जलगंगा संवर्धन एवं जल संचय-जन भागीदारी अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित

बड़वानी ; कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह द्वारा कलेक्ट्रेट सभागृह बड़वानी में ’’जलगंगा संवर्धन अभियान’’ एवं श्जल संचय-जन भागीदारी अभियान के अंतर्गत जिले में संचालित विभिन्न कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्रीमती सिंह ने फार्म पॉण्ड, डगवेल, अमृत सरोवर एवं वाटरशेड डेवलपमेंट के कार्यों की बिंदुवार जानकारी प्राप्त की।
बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती सिंह ने जिन विकासखंडों में डेली लेबर टर्नअप प्रतिदिन श्रमिकों की उपस्थिति की स्थिति शून्य पाई गई, वहां के सब इंजीनियरों से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा संवाद किया। उन्होंने अभियान में शिथिलता बरतने और सौंपे गए दायित्वों के निर्वहन में निरंतर लापरवाही बरतने पर 3 सब इंजीनियरों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि प्रतिदिन के कार्यों का रन रेट बढ़ाया जाए ताकि लक्ष्य समय पर प्राप्त हो सके। सभी निर्माण कार्यों में शासन द्वारा निर्धारित एसओपी का अक्षरशः पालन हो एवं संबंधित अधिकारी प्रतिदिन फील्ड विजिट करें और श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर जल संरचनाओं के कार्यों को गति दें। इस दौरान सहायक कलेक्टर श्री माधव अग्रवाल,संयुक्त कलेक्टर श्री रवि वर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।



