पुलिस अधीक्षक ने नागलवाड़ी, बालसमुद और वरला थानों का आकस्मिक निरीक्षण कर दिए सख्त निर्देश
थाना अभिलेख, मालखाना व्यवस्था और लंबित मामलों की समीक्षा कर पुलिस अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जनोदय पंच। बड़वानी पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने थाना नागलवाड़ी की चौकी बालसमुद एवं थाना वरला का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लावारिस वाहन, जप्तशुदा शराब, लंबित अपराध, शिकायतों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा कर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए।
पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने 26 मई 2026 को थाना नागलवाड़ी की चौकी बालसमुद एवं थाना वरला के रिकॉर्ड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में रखे लावारिस एवं जप्त वाहनों के रख-रखाव, अभिलेखीकरण एवं उनके निराकरण की स्थिति का अवलोकन किया गया। साथ ही जप्तशुदा शराब का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।

लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर दिए निर्देश
पुलिस अधीक्षक द्वारा लंबित अपराध, चालान, मर्ग, शिकायतें एवं सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने विवेचना कार्य में तेजी लाने एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके अलावा थाना स्तर पर संधारित विभिन्न रजिस्टरों, मालखाना अभिलेखों एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक निर्देश भी प्रदान किए गए।
सिकलीगर परिवारों की गतिविधियों की भी ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान थाना नागलवाड़ी की चौकी ओझर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कस्बा ओझर में निवासरत सिकलीगर परिवारों एवं उनसे संबंधित गतिविधियों की जानकारी भी प्राप्त की गई। पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र में सतत निगरानी, सूचना संकलन एवं प्रभावी कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
पुलिस बल को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की सीख
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने उपस्थित पुलिस बल को संबोधित करते हुए कहा कि थाना पुलिस आमजन के लिए न्याय और सुरक्षा का पहला केंद्र होती है। उन्होंने प्रत्येक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी को संवेदनशीलता, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए आमजन का विश्वास मजबूत करने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान एसडीओपी सेंधवा अनुभाग अजय वाघमारे, थाना प्रभारी नागलवाड़ी निरीक्षक रामकुमार पाटिल, थाना प्रभारी वरला निरीक्षक नारायण रावल, चौकी प्रभारी बालसमुद सउनि संजय शर्मा, चौकी प्रभारी ओझर सउनि धनेश्वर पाटिल सहित थाना नागलवाड़ी, चौकी बालसमुद एवं चौकी ओझर का पुलिस बल उपस्थित रहा।



