सेंधवा में 26 जुलाई को निःशुल्क शराब मुक्ति शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण, जांच और दवा वितरण होगा
प्रेमसुख हॉस्पिटल के नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र में सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा शिविर

जनोदय पंच। भारत नशा मुक्ति अभियान के तहत सेंधवा स्थित प्रेमसुख हॉस्पिटल के नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र में 26 जुलाई 2026 को निःशुल्क शराब मुक्ति शिविर आयोजित होगा। शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण, ब्लड इन्वेस्टिगेशन और दवा वितरण किया जाएगा। इच्छुक व्यक्तियों से आधार कार्ड और एक समझदार परिजन साथ लाने की अपील की गई है।
भारत नशा मुक्ति अभियान के तहत होगा आयोजन
भारत नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत सेंधवा में पिछले कई महीनों से प्रेमसुख हॉस्पिटल द्वारा संचालित नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र शराब मुक्ति से संबंधित विभिन्न शिविर आयोजित कर रहा है। इसी क्रम में 26 जुलाई 2026, रविवार को शराब मुक्ति के उद्देश्य से निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, ब्लड इन्वेस्टिगेशन एवं दवा वितरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का समय सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। आयोजन स्थल प्रेमसुख हॉस्पिटल, नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र, संत विनोबा मार्ग, सेंधवा रहेगा।
जागरूकता और नशा मुक्ति पर रहेगा विशेष फोकस
केंद्र के अनुसार, ऐसे शिविरों का मुख्य उद्देश्य समाज में व्याप्त नशे की बुराई को कम करने के लिए जागरूकता बढ़ाना है। अभियान के माध्यम से नई पीढ़ी को नशे से दूर रहने के लिए समझाइश देने का भी प्रयास किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, वर्तमान समय में विभिन्न प्रकार के नशे की आदत फैशन का रूप लेती जा रही है, जो नई पीढ़ी के विकास में बाधा बन रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए लगातार जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
पिछले शिविरों में मिले सकारात्मक परिणाम
जानकारी के अनुसार, पूर्व में आयोजित शराब मुक्ति शिविरों में जिन लोगों ने शराब छोड़ने के लिए दवाइयां ली थीं, उनमें कई लोगों को सकारात्मक परिणाम मिले और अनेक व्यक्तियों ने शराब का सेवन छोड़ दिया। इसी अनुभव को देखते हुए आगामी शिविर का आयोजन किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक इच्छुक लोग इसका लाभ प्राप्त कर सकें।
आधार कार्ड और एक समझदार परिजन साथ लाने की अपील
केंद्र के संचालक डॉ. एम. के. जैन ने बताया कि जो व्यक्ति शराब का नशा छोड़ना चाहते हैं, वे शिविर में अपने साथ आधार कार्ड अवश्य लेकर आएं। साथ ही अपने घर से एक समझदार व्यक्ति को भी साथ लाने की अपील की गई है, ताकि उपचार एवं परामर्श की प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित की जा सके।



