बड़वानी में सात दिवसीय युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण का तीसरा सत्र प्रारंभ, बाढ़ बचाव और सिंहस्थ कुंभ के लिए तैयार हो रहे 231 युवा

जनोदय पंच। बड़वानी। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए), मुख्यालय म.प्र. होमगार्ड्स के आदेशों, कलेक्टर जिला बड़वानी श्रीमती जयति सिंह के निर्देशन तथा संभागीय सेनानी इंदौर श्रीमती प्रीति बाला सिंह के मार्गदर्शन में सात दिवसीय श्युवा आपदा मित्र प्रशिक्षणश् (तृतीय सत्र) का शुभारंभ किया गया। इस सत्र में जिले के 231 युवा आपदा मित्र कड़ा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
कार्यक्रम के प्रथम दिन मुख्य अतिथि संभागीय सेनानी श्रीमती प्रीति बाला सिंह द्वारा माँ सरस्वती के पूजन के साथ प्रशिक्षण का विधिवत आरंभ किया गया। अपने उद्बोधन में उन्होंने आपदा मित्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वर्तमान वर्षा ऋतु में जिला प्रशासन को संभावित बाढ़ आपदा एवं राहत कार्यों में सहयोग देने के साथ-साथ इन युवाओं को आगामी सिंहस्थ कुंभ जैसे बड़े आयोजनों के लिए भी तैयार होना है। उन्होंने सभी से पूरे मनोयोग और निष्ठा के साथ इस प्रशिक्षण को प्राप्त करने की अपील की। इस अवसर पर उन्होंने सांकेतिक रूप से एक महिला आपदा मित्र को आपदा किट भी प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान जिला धार से आए जिला सेनानी श्री आर.पी. मीणा ने बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यों की बारीकियों पर प्रकाश डाला, वहीं जिला सेनानी बड़वानी द्वारा वर्तमान समय में आपदा प्रशिक्षण की आवश्यकता और इसकी महत्ता पर विस्तृत व्याख्यान दिया गया। इस मौके पर प्लाटून कमांडर श्री मुकेश मीणा, एएसआई प्रदीप, अनूप राठौर सहित होमगार्ड और एसडीईआरएफ (एसडीआरएफ) के कुशल ट्रेनर्स उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण के दूसरे दिन सिखाए बाढ़ से बचाव के गुर और उपकरणों के सटीक उपयोग
प्रशिक्षण के दूसरे दिवस युवाओं को विशेष रूप से बाढ़ से बचाव की ट्रेनिंग दी गई। प्लाटून कमांडर श्री मुकेश मीणा एवं एसडीईआरएफ की टीम द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को बाढ़ आपदा से संबंधित आधुनिक उपकरणों के संचालन, रख-रखाव और संकट के समय उनके सटीक व त्वरित उपयोग का व्यावहारिक (प्रैक्टिकल) प्रशिक्षण दिया गया।
आगामी दिनों में आपदा मित्रों को और अधिक कुशल बनाने के लिए विशेष मास्टर ट्रेनर भी इस प्रशिक्षण शिविर में शामिल होकर युवाओं को विभिन्न आपदाओं से निपटने के गुर सिखाएंगे।



