सेंधवा में तेज बारिश से नदी-नाले उफान पर पुलिया डूबीं बस्तियों में घुसा पानी जनजीवन प्रभावित
अचानक बदले मौसम ने सेंधवा में मचाई हलचल, शहर और ग्रामीण दोनों क्षेत्र हुए प्रभावित, प्रशासन ने दी सतर्कता अपील

जनोदय पंच. सेंधवा और आसपास तेज बारिश से नदी-नाले उफान पर आ गए, पुलियों पर पानी बहा, कई बस्तियों में घरों में पानी घुसा और खरीफ बुवाई प्रभावित हुई, प्रशासन ने लोगों से उफनते जलस्रोत पार न करने की अपील की। श्यामदास कॉलोनी में बारिश के पानी की निकासी पर्याप्त निकासी नहीं होने के कारण कुछ लोगों के घरों में पानी घुस गया। नालेपार क्षेत्र में एक लोडिंग रिक्शा और एक कार बहने की सूचना मिल रही है। मल्हारबाग क्षेत्र में भी कुछ घरों में पानी घुस गया। सेंधवा सीएमओ मधु चौधरी और तहसीलदार शहरभर में भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेकर राहत कार्य में लगे हुए है।
बस्तियों में जलभराव
तेज बारिश के कारण क्षेत्र के नदी-नाले उफान पर आ गए और कई स्थानों पर पुलियों के ऊपर से पानी बहने लगा, जिससे यातायात कुछ समय के लिए पूरी तरह प्रभावित हो गया। सेंधवा शहर की तलावड़ी कॉलोनी सहित कुछ बस्तियों में जलभराव की स्थिति बन गई और छह से सात घरों में पानी घुस गया। पुराना एबी रोड स्थित शर्मा ट्रांसपोर्ट के संचालक मुन्ना शर्मा ने बताया कि यदि बारिश का सिलसिला और बढ़ा तो ट्रांसपोर्ट परिसर में भी पानी घुसने का खतरा है। वहीं पार्षद लता चौधरी ने कहा कि लगातार बारिश जारी रही तो कई अन्य घर भी प्रभावित हो सकते हैं। देवझीरी मंदिर, पुलिस थाने के पीछे और आगे स्थित नाला उफान पर है। सेंधवा सीएमओ मधु चौधरी , तहसीलदार राहुल सोलंकी व प्रशासन निरन्तर राहत व बचाव कार्य मे जुटा है, नपाध्यक्ष बसंती बाई यादव द्वारा भी नपा अमले को समुचित प्रयास कर राहत बचाव कार्य के निर्देश दिए गए


अचानक बदला मौसम, शहर और ग्रामीण क्षेत्र में अलग-अलग अवधि की बारिश
सेंधवा और आसपास के ग्रामीण अंचलों में शुक्रवार शाम मौसम अचानक बदल गया और तेज बारिश दर्ज की गई। शहर में करीब दस मिनट तक बारिश हुई जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग आधे घंटे से अधिक समय तक लगातार बारिश होती रही। इस दौरान मौसम पूरी तरह से बदला हुआ नजर आया और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत भी मिली, लेकिन जलभराव और उफान की स्थिति भी बनने लगी। यह बारिश कुछ ही समय में क्षेत्र के कई हिस्सों में प्रभाव डालने लगी।

शयामदास कालोनी पानी निकासी नहीं होने से घरो में पानी भर गया है
गांवों में तेज बहाव, प्रशासन की अपील और वर्षा रिकॉर्ड
बारिश के बाद बाबदड़, शाहपुरा और चिखली सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नदी-नालों में पानी का बहाव काफी तेज हो गया है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने स्थानीय लोगों और राहगीरों से उफनते नदी-नालों को पार न करने की अपील की है। जिला भू-अभिलेख कार्यालय के अनुसार सेंधवा ब्लॉक में 1 जून से शुक्रवार तक कुल 223.73 मिलीमीटर (8.80 इंच) वर्षा दर्ज की जा चुकी है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने को कहा गया है।
किसानों की बुवाई प्रभावित, खेतों में नमी से काम रुका
इस बारिश से किसानों को गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन खेतों में अत्यधिक नमी के कारण खरीफ फसलों की बुवाई का काम प्रभावित हो गया है। किसानों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण खेतों में ट्रैक्टर और कृषि उपकरण ले जाना संभव नहीं हो पा रहा है। मिट्टी में अधिक नमी होने से खेतों की तैयारी रुक गई है और किसान अब बारिश थमने का इंतजार कर रहे हैं ताकि बुवाई का कार्य दोबारा शुरू किया जा सके।
मौसम विभाग का अनुमान और स्थिति पर नजर
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन और स्थानीय स्तर पर स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतें और आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें। फिलहाल क्षेत्र में बारिश का असर विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग रूप में देखने को मिल रहा है।



