सेंधवा; शारदीय नवरात्रि महोत्सव 11 से , बिजासन माता और छोटी बिजासन मंदिर में होंगे धार्मिक आयोजन
11 अक्टूबर को घट स्थापना के साथ होगी शुरुआत, 19 अक्टूबर को महाअष्टमी हवन और 20 अक्टूबर को पूर्णाहुति, कन्या पूजन व भंडारा

रमन बोरखड़े। सेंधवा में रविवार 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्रि महोत्सव की शुरुआत होगी। बिजासन घाट स्थित मां बड़ी बिजासन माता मंदिर में नौ कुंडीय हवनात्मक शतचंडी महायज्ञ आयोजित किया जाएगा। वहीं, छोटी बिजासन मंदिर समिति की ओर से प्रतिदिन महाआरती, विशेष हवन और कन्या भोज सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं शहर से 7 किमी दूर ग्राम खड़किया स्थित मां बगलामुखी माता मंदिर में भी नवरात्र पर पूजा पाठ और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। मनसा माता मंदिर और मैकेनिक नगर स्थित मां सप्तश्रृंगी मंदिर में भी धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।

बड़ी बिजासन माता मंदिर में नौ कुंडीय महायज्ञ
सेंधवा के एबी रोड, बिजासन घाट स्थित मां बड़ी बिजासन माता मंदिर में 11 से 20 अक्टूबर तक शारदीय नवरात्रि महोत्सव मनाया जाएगा। रविवार को सुबह 9:20 बजे घट स्थापना होगी। सोमवार, 12 अक्टूबर से प्रतिदिन दोपहर 2 बजे हवन आयोजित किया जाएगा। सोमवार, 19 अक्टूबर को रात 10 बजे महाअष्टमी हवन होगा। मंगलवार, 20 अक्टूबर को सुबह 9 बजे पूर्णाहुति और सुबह 10 बजे कन्या पूजन किया जाएगा। इसी दिन सुबह 11 बजे विशाल भंडारे का आयोजन होगा।

छोटी बिजासन मंदिर में प्रतिदिन होगी महाआरती
छोटी बिजासन मंदिर समिति की ओर से शारदीय नवरात्रि 2026 के अवसर पर श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंदिर में प्रतिदिन सुबह 6:45 बजे और शाम 6:30 बजे महाआरती होगी।मंदिर समिति के अनुसार, 18 अक्टूबर की रात विशेष हवन आयोजित किया जाएगा। वहीं, नवमी तिथि पर 19 अक्टूबर को कन्या भोज एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से माता रानी के दर्शन, आरती, हवन और भंडारा प्रसादी का लाभ लेने के लिए आमंत्रित किया है।





