सेंधवाधर्म-ज्योतिष, समाजमुख्य खबरे

सेंधवा; मां बड़ी बिजासन मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल सख्त, भीड़ प्रबंधन के दिए निर्देश

मंदिर परिसर, पार्किंग और दर्शन मार्ग का किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात, सीसीटीवी निगरानी और आपातकालीन व्यवस्थाएं समय पर दुरुस्त करने को कहा

जनोदय पंच। सेंधवा स्थित मां बड़ी बिजासन माता मंदिर में शारदीय नवरात्रि पर्व के तहत पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग और यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल सेंधवा स्थित मां बड़ी बिजासन माता मंदिर पहुंचे। उन्होंने माता रानी के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

शारदीय नवरात्रि पर्व के दौरान मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उन्होंने मंदिर परिसर, गर्भगृह तक जाने वाले मार्ग, पार्किंग स्थल और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान मंदिर समिति के सदस्यों और चौकी प्रभारी से संभावित भीड़ तथा सुरक्षा प्रबंधों को लेकर विस्तृत चर्चा की।

कतार व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर जोर:

पुलिस अधीक्षक ने श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराने के लिए बैरिकेडिंग और कतार व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने भारी वाहनों और श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए उचित पार्किंग व्यवस्था करने तथा यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन प्लान तैयार करने पर जोर दिया।

सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश:

मंदिर परिसर और आसपास असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने तथा पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित तैयारियां समय रहते पूरी करने को भी कहा।

निरीक्षण के दौरान अधिकारी और मंदिर समिति के सदस्य रहे मौजूद:

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे, रक्षित निरीक्षक गजेंद्र निगवाल, डीएसबी प्रभारी रेखा वास्केल, थाना प्रभारी सेंधवा ग्रामीण ओम प्रकाश चांगोड, बिजासन चौकी प्रभारी उप निरीक्षक रोहित पाटीदार, मंदिर समिति के सदस्यगण तथा अन्य पुलिस अधिकारी और बल के जवान उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!