सेंधवा में किले की दीवार से कूदने का प्रयास कर रहे व्यक्ति को पुलिस ने सुरक्षित बचाया, समाजसेवी ने उपचार की जिम्मेदारी ली
डायल 112 पर सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस, गुजरात के खंभात निवासी व्यक्ति को देखभाल और उपचार के लिए बड़वानी के रैन बसेरे भेजा

जनोदय पंच। सेंधवा में किला गेट नंबर-1 के पास किले की दीवार से कूदने का प्रयास कर रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने तत्परता से सुरक्षित बचाया। व्यक्ति को भोजन कराने के बाद देखभाल और उपचार के लिए बड़वानी के रैन बसेरे भेजा गया, जहां समाजसेवी ने उसकी जिम्मेदारी ली।
12 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 10 बजे राजेश जाधव ने डायल 112 पर सूचना दी कि किला गेट नंबर-1 के पास एक व्यक्ति किले की दीवार पर चढ़कर कूदने का प्रयास कर रहा है। सूचना मिलते ही डायल 112 में तैनात आरक्षक बलिराम अछाले और पायलट संजय मेहता तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ से बातचीत कर व्यक्ति को सुरक्षित नीचे उतारा।
भोजन कराने के बाद उपचार के लिए भेजा:
पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर और एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सेंधवा शहर दिनेश सिंह कुशवाह के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई की।
थाना प्रभारी के निर्देशन में व्यक्ति को भोजन कराया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम संजय पिता भायलाल और निवासी खंभात, गुजरात बताया। प्रारंभिक लिखापढ़ी के बाद आरक्षक संतोष भाबर के साथ उसे देखभाल एवं उपचार के लिए बड़वानी स्थित रैन बसेरे भेजा गया।

समाजसेवी ने ली देखभाल की जिम्मेदारी:
बड़वानी के रैन बसेरे में समाजसेवी अजीत जैन ने व्यक्ति की देखभाल और उपचार की जिम्मेदारी ली। पुलिस एवं समाजसेवियों द्वारा उसके परिजनों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। परिजनों का पता चलने पर उसे सकुशल उनके सुपुर्द किया जाएगा।




