सेंधवामुख्य खबरे

सेंधवा के अमृत नगर में अवैध व्यावसायिक गतिविधियों के विरोध में रहवासियों का प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग

गंदगी, पार्किंग, सुरक्षा और अभद्र व्यवहार के आरोपों को लेकर अमृत नगर के निवासियों ने जांच और कार्रवाई की मांग उठाई

जनोदय पंच। सेंधवा के अमृत नगर क्षेत्र में रहवासियों ने आवासीय कॉलोनी में संचालित हो रही कथित अवैध व्यावसायिक गतिविधियों का विरोध जताया है। निवासियों ने गंदगी, पार्किंग, सुरक्षा संबंधी समस्याओं और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाते हुए प्रशासन एवं नगर पालिका से तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग की है।

सेंधवा के राजपाल पेट्रोल पंप के समीप स्थित अमृत नगर कॉलोनी के रहवासी अपनी कॉलोनी में संचालित हो रही व्यावसायिक गतिविधियों के विरोध में एकजुट हुए। रहवासियों का आरोप है कि ओम मोटर्स के संचालकों द्वारा आवासीय भूखंडों का उपयोग नियमों के विपरीत व्यावसायिक कार्यों के लिए किया जा रहा है। उनका कहना है कि इससे कॉलोनी की शांति प्रभावित हो रही है तथा क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं।

 

गंदगी, पार्किंग और सुरक्षा को लेकर चिंता

निवासियों के अनुसार कॉलोनी में गोदाम, निजी कार्यालय एवं अन्य व्यावसायिक गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में आवाजाही बढ़ गई है। रहवासी प्लॉटों का उपयोग पार्किंग एवं वाहन मरम्मत कार्यों के लिए किए जाने से भी परेशानी बढ़ रही है। रहवासियों का कहना है कि व्यावसायिक गतिविधियों से निकलने वाला कचरा और मलबा खुले में फेंका जा रहा है। साथ ही कर्मचारियों एवं आने-जाने वाले लोगों द्वारा खुले में शौच किए जाने से गंदगी फैल रही है और स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं बढ़ रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बाहरी व्यक्तियों की आवाजाही बढ़ने से सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है तथा कॉलोनी की महिलाओं में असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो रही है।

प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग

रहवासियों का आरोप है कि जब उन्होंने इस संबंध में आपत्ति दर्ज कराई तो संबंधित प्रतिष्ठानों से जुड़े कुछ व्यक्तियों द्वारा उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और दुर्व्यवहार किया गया। रहवासियों ने प्रशासन और नगर पालिका से मांग की है कि कॉलोनी में संचालित कथित अवैध व्यावसायिक गतिविधियों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना लगाया जाए, स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा अभद्र व्यवहार करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए। रहवासियों ने कहा कि मामले में शीघ्र और ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!