सेंधवा में पहली बार भव्य कीर्तन आयोजन, सेंधवा में पहली बार भव्य कीर्तन आयोजन

सेंधवा। शहर में पहली बार सर्व महाराष्ट्र समाज द्वारा बड़े स्तर पर भव्य कीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। दिनांक 18 अप्रैल 2026, शनिवार को किला परिसर मंडी प्रांगण में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर समाज में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों का भरपूर सहयोग मिल रहा है, जिसमें आर्थिक सहयोग से लेकर व्यवस्थाओं तक हर स्तर पर सहभागिता देखने को मिल रही है।
कार्यक्रम की तैयारियों के तहत महाराष्ट्र समाज मंदिर में समाज की महिलाओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में नारी शक्ति ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि इस ऐतिहासिक कीर्तन आयोजन को सफल बनाने में वे अग्रणी भूमिका निभाएंगी। बैठक में विस्तृत कार्य योजना तैयार की गई और अधिक से अधिक महिलाओं एवं परिवार के सदस्यों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।
महिलाओं द्वारा अलग-अलग जिम्मेदारियां बांटी गईं। प्रत्येक मोहल्ले में महिला वालंटियर नियुक्त किए जाएंगे, जो अपने-अपने क्षेत्र से बुजुर्ग महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों को एकत्रित कर बस एवं अन्य वाहनों के माध्यम से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाएंगे। कार्यक्रम के दौरान भोजन प्रसादी की व्यवस्था भी महिला मंडल द्वारा संभाली जाएगी, जिसके लिए अलग-अलग समूह बनाए गए हैं।

इसके अलावा कीर्तन के दौरान बैठक व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी महिलाओं की टीम सक्रिय रहेगी, जो कार्यक्रम की समाप्ति तक अपनी जिम्मेदारी निभाएगी। इस आयोजन में महाराष्ट्र समाज के साथ खत्री समाज की महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है, जो सामाजिक एकता और समरसता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत करती है।

महिलाओं ने यह भी तय किया कि अधिक से अधिक महिलाएं लाल साड़ी पहनकर कार्यक्रम में शामिल होंगी, जिससे आयोजन की भव्यता और आकर्षण और बढ़ेगा। नारी शक्ति द्वारा मजबूत योजना और सक्रिय भागीदारी के चलते यह आयोजन सेंधवा के इतिहास में एक यादगार और ऐतिहासिक कार्यक्रम बनने की ओर अग्रसर है।



