सेंधवा में मनसा माता चौराहे पर हाईमास्ट लाइट से बढ़ी रौनक, नवरात्रि में श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधा
आनंदम हॉस्पिटल से मनसा माता मंदिर तक सेंटर लाइट और डिवाइडर सड़क के बाद तिराहे का भी हुआ विकास

जनोदय पंच। सेंधवा। नवरात्रि पर्व पर मंशा माता मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर पालिका ने मनसा माता मंदिर चौराहे पर हाईमास्ट लाइट लगाई है। इससे रात में क्षेत्र रोशनी से जगमगाएगा। तिराहे के निर्माण और प्रकाश व्यवस्था से नगर के सौंदर्यीकरण को भी नया रूप मिला है।

नगर पालिका परिषद सेंधवा द्वारा नगर विकास और सौंदर्यीकरण के तहत विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आनंदम हॉस्पिटल से मनसा माता मंदिर तक सेंटर लाइट और डिवाइडर युक्त सड़क का निर्माण कराने के बाद मध्यप्रदेश विद्युत ग्रिड के समीप स्थित तिराहे का निर्माण किया गया। यहां हाईमास्ट लाइट लगाई गई है, जिससे मंशा माता चौराहा रोशनी से जगमगा उठा है।

नवरात्रि में श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा
मनसा माता मंदिर सेंधवा में श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में भक्त माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर माता के दरबार में आते हैं और दर्शन के बाद सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। ऐसे में मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग पर पर्याप्त रोशनी और बेहतर आवागमन व्यवस्था जरूरी है।
नगर पालिका प्रतिवर्ष नवरात्रि के दौरान इस मार्ग पर रोशनी की व्यवस्था करती है। इस बार तिराहे का निर्माण कर हाईमास्ट लाइट स्थापित की गई है, जिससे आसपास के क्षेत्र में भी बेहतर प्रकाश व्यवस्था होगी।
धार्मिक आस्था के साथ विकास पर जोर
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती बसंती बाई यादव ने कहा कि नगर पालिका शहर के विकास के साथ नागरिकों की सुविधाओं और धार्मिक आस्थाओं का भी ध्यान रखती है। नवरात्रि में मनसा माता मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तिराहे का निर्माण कर हाईमास्ट लाइट लगाई गई है, ताकि क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी रहे।
उन्होंने कहा कि नगर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। मनसा माता चौराहे पर हाईमास्ट लाइट लगने से श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी और नगर के सौंदर्यीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा। नगर पालिका का प्रयास है कि प्रमुख मार्गों और धार्मिक स्थलों के आसपास आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएं।




